By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 05, 2026
भोपाल/श्योपुर, पांच अक्टूबर भारत में जन्मी एक मादा चीता ने मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में पांच शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत में जन्मी मादा चीता केजेपी21 ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। उनके जन्म से क्षेत्र में खुशी की लहर है। इसके साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है, जिनमें से 41 का जन्म भारतीय धरती पर हुआ है।’’ बयान में बताया गया कि केजेपी21 भारत में जन्मी तीसरी मादा चीता है।
इससे पहले मुखी और केजीपी12 का जन्म भारत में हुआ था। बयान में कहा गया कि इन शावकों का जन्म कूनो में चीतों की नयी पीढ़ी के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इनके पिता बोत्सवाना से भारत लाया गया चीता है।
इसके अनुसार, ‘‘इन शावकों का जन्म भारत में बोत्सवाना वंश की शुरुआत का प्रतीक है, जिससे देश में बढ़ती चीता आबादी में एक नयी आनुवंशिक वंशावली जुड़ी है।’’ बयान में कहा गया कि भारतीय धरती पर चीतों की एक और पीढ़ी का जन्म ‘प्रोजेक्ट चीता’ की उल्लेखनीय यात्रा में एक और गौरवपूर्ण अध्याय है। इस उपलब्धि से कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता संरक्षण के लिए किए जा रहे वैज्ञानिक प्रबंधन, निगरानी और संरक्षण प्रयासों को भी बल मिला है।