By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026
धनतेरस और दिवाली के दौरान सोने की मांग मजबूत बनी रही। खुदरा विक्रेताओं ने बिक्री मूल्य में सालाना आधार पर 15-25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। अक्टूबर के मध्य से सोने की कीमतों में गिरावट ने मांग को समर्थन दिया।
विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यूजीसी) की एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। डब्ल्यूजीसी की भारत में शोध प्रमुख कविता चाको ने कहा, ‘‘बाजार से मिली प्रतिक्रिया के अनुसार, धनतेरस और दिवाली की प्रमुख त्योहारी अवधि में सोने की मांग मजबूत रही। देशभर के खुदरा विक्रेताओं ने ग्राहकों की संख्या और बिक्री में वृद्धि दर्ज की।
अक्टूबर के मध्य से सोने की कीमतों में गिरावट ने मांग को समर्थन दिया। सभी क्षेत्रों में मांग रही और आभूषणों के साथ सोने के सिक्कों तथा छड़ की भी अच्छी खरीदारी हुई। उन्होंने कहा कि कीमतों में गिरावट के बावजूद सोना महंगा बना रहा।
इस साल त्योहारी अवधि में सोने की औसत कीमत पिछले साल के त्योहारी सत्र, जो अक्टूबर में था, की तुलना में करीब 10 प्रतिशत अधिक रही। सालाना आधार पर कीमतें 17 प्रतिशत ऊंची थीं। उन्होंने कहा कि खुदरा विक्रेताओं के अनुमान के मुताबिक, बिक्री के मूल्य में सालाना आधार पर 15-25 प्रतिशत वृद्धि हुई, जबकि बिक्री की मात्रा लगभग स्थिर रही या मामूली बढ़ी।
चाको ने कहा कि आभूषणों की बिक्री पिछले साल की तुलना में बेहतर रही और अधिक ग्राहकों ने कुल बिक्री को समर्थन दिया। हालांकि, प्रत्येक खरीद में आभूषणों का औसत वजन कम रहा और ग्राहकों ने हल्के आभूषणों को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा, प्रचारात्मक पेशकश, नए डिजाइन और हल्के आभूषणों ने खरीदारों को आकर्षित करने में मदद की।
पुराने सोने के बदले नए आभूषण खरीदने का चलन व्यापक तौर पर स्थिर रहा और कई खुदरा विक्रेताओं के यहां कुल बिक्री में इसका हिस्सा 40-60 प्रतिशत रहा। हालांकि, कुछ विक्रेताओं ने कीमतों में नरमी के कारण हाल के स्तर से इसमें मामूली गिरावट दर्ज की। उन्होंने कहा कि त्योहारी अवधि में सोने के सिक्कों और छड़ की मांग भी अच्छी रही।
ज्यादातर खरीदारी 0.5 से पांच ग्राम के छोटे वजन में हुई, जो सांकेतिक खरीदारी को दर्शाती है। सितंबर के कमजोर स्तर से अक्टूबर में सोने का आयात तेजी से बढ़कर छह महीने के उच्चस्तर पर पहुंच गया। हालांकि, यह सुधार नरम कीमतों के बीच त्योहारी मांग के लिए भंडार बढ़ाने के कारण हुआ।
आयात का मूल्य 5.51 अरब डॉलर रहा, जो मासिक आधार पर तीन गुना से अधिक था, लेकिन सालाना आधार पर यह 63 प्रतिशत कम रहा। अक्टूबर में सोने का कुल आयात करीब 70 टन रहने का अनुमान है, जबकि सितंबर में यह 23 टन और एक साल पहले 128 टन था। इस साल सितंबर और अक्टूबर में कुल आयात करीब 93 टन रहने का अनुमान है, जो 2021-25 के दौरान इसी अवधि के औसत लगभग 180 टन से काफी कम है।
यह संकेत देता है कि घरेलू मांग का एक हिस्सा वैकल्पिक आपूर्ति स्रोतों से पूरा किया गया। कुल मिलाकर, जनवरी-अक्टूबर, 2026 के दौरान आधिकारिक सोने का आयात सालाना आधार पर छह प्रतिशत घटकर 47.36 अरब डॉलर का रहा, जबकि कुल आयात मात्रा करीब 470 टन रहने का अनुमान है, जो सालाना आधार पर 14 प्रतिशत कम है।