By Ankit Jaiswal | Jun 23, 2026
फुटबॉल विश्व कप 2026 में नॉर्वे ने एक और दमदार प्रदर्शन करते हुए सेनेगल को 3-2 से हराकर नॉकआउट चरण में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली हैं। न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में स्टार स्ट्राइकर एरलिंग हालांड एक बार फिर नॉर्वे की जीत के सबसे बड़े नायक बनकर उभरे और लगातार दूसरे मैच में दो गोल दागकर दुनिया को अपनी क्षमता का एहसास कराया।
इसके बावजूद नॉर्वे का दबाव लगातार बना रहा। कप्तान मार्टिन ओडेगार्ड और एरलिंग हालांड लगातार सेनेगल की रक्षापंक्ति को परेशान कर रहे थे। मैच के पहले हाफ के अंतिम क्षणों में सेनेगल के कप्तान कालिदू कुलिबाली की एक बड़ी गलती टीम पर भारी पड़ गई। गेंद सीधे मार्कस होल्मग्रेन पेडर्सेन के पास पहुंची और उन्होंने मौका गंवाए बिना शानदार गोल कर नॉर्वे को 1-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे हाफ की शुरुआत होते ही नॉर्वे ने अपनी बढ़त दोगुनी कर ली। मार्टिन ओडेगार्ड के बेहतरीन पास पर एरलिंग हालांड ने शानदार फिनिश करते हुए गेंद को जाल में पहुंचा दिया। गौरतलब है कि यह टूर्नामेंट में उनका तीसरा गोल था और उन्होंने पहले मुकाबले में भी दो गोल किए थे।
हालांकि सेनेगल ने हार नहीं मानी। अनुभवी खिलाड़ी सादियो माने की सूझबूझ भरी पास पर इस्माइला सार ने शानदार गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। इससे मुकाबला रोमांचक हो गया, लेकिन कुछ ही देर बाद सेनेगल की रक्षापंक्ति फिर लड़खड़ा गई। कालिदू कुलिबाली गेंद को सही तरीके से क्लियर नहीं कर सके और एरलिंग हालांड ने शानदार वॉली लगाकर अपना दूसरा तथा टीम का तीसरा गोल दाग दिया।
बता दें कि हालांड अब नॉर्वे के लिए 52 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 59 गोल कर चुके हैं। उनकी शानदार फॉर्म ने नॉर्वे को विश्व कप की मजबूत दावेदार टीमों में शामिल कर दिया।
मुकाबले के अंतिम चरण में इस्माइला सार ने अपना दूसरा गोल कर सेनेगल की उम्मीदें जिंदा रखने की कोशिश की। इसी के साथ वह दो अलग-अलग विश्व कप में गोल करने वाले सेनेगल के पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं। हालांकि उनकी यह उपलब्धि टीम को हार से नहीं बचा सकी।
गौरतलब है कि नॉर्वे ने लगातार दूसरी जीत दर्ज कर अंतिम 32 में प्रवेश पक्का कर लिया है। अब टीम का अगला मुकाबला फ्रांस से होगा, जहां ग्रुप में शीर्ष स्थान तय होगा। दूसरी ओर सेनेगल को अगले दौर में पहुंचने की उम्मीदें बचाए रखने के लिए अपने अंतिम मैच में हर हाल में जीत हासिल करनी होगी।