FIFA World Cup: जर्मनी ने विश्व कप में स्पेन से 1-1 से ड्रॉ खेला, लीग से बाहर होने का खतरा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 28, 2022

जर्मनी ने स्पेन के खिलाफ फीफा विश्व कप फुटबॉल प्रतियोगिता में अपना मैच 1-1 से ड्रॉ खेला और अब अगर चार बार के विश्व चैंपियन को लगातार दूसरी बार पहले दौर में बाहर होने से बचना है तो उसे अपने अंतिम लीग मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। स्थानापन्न खिलाड़ी निकलास फुलक्रुग ने रविवार को खेले गए इस मैच में 83वें मिनट में गोल करके जर्मनी को बराबरी दिलाई। इससे पहले अल्वारो मोराटा ने 62वें मिनट में स्पेन को बढ़त दिलाई थी। जर्मनी ने इस मैच में एक अंक लेकर अपनी उम्मीदें तो जीवंत रखी लेकिन उसके लिए आगे की राह भी आसान नहीं है लेकिन फुलक्रुग को विश्वास है कि उनकी टीम नॉकआउट चरण में जगह बनाने में सफल रहेगी।

अगर जापान जीत दर्ज करता है तो फिर जर्मनी को गोल अंतर में स्पेन से आगे निकलना होगा जिसने अपने पहले मैच में कोस्टारिका को 7-0 से हराया था। जर्मनी के कोच हैंसी फ्लिक ने कहा, ‘‘उम्मीद है कि इस एक अंक से हमारा मनोबल बढ़ेगा। हम जानते हैं कि आगे बढ़ने के लिए यह पहला कदम है और कोस्टारिका के खिलाफ हमें देखना होगा कि क्या हम अंतिम 16 में जगह बनाने के लिए परिस्थितियों के अनुसार आगे बढ़ सकते हैं।’’ स्पेन के कोच लुइस एनरिक ने कहा कि जर्मनी के खिलाफ ड्रॉ बुरा परिणाम नहीं है। उन्होंने कहा,‘‘ हम अभी मौत के इस समूह में शीर्ष पर काबिज हैं। अभी हमारा भाग्य हमारे हाथ में है और जापान के खिलाफ ड्रॉ पर्याप्त होगा लेकिन हम वह मैच जीतने की कोशिश करेंगे।’’

इसे भी पढ़ें: विश्व कप में एक और उलटफेर, मोरक्को ने बेल्जियम को 2-0 से हराया

जर्मनी और स्पेन के बीच मैच में दोनों टीम ने कुछ प्रयास किए लेकिन पहला गोल स्पेनिश टीम ने दागा जब मोराटा ने जोर्डी अल्बा के क्रॉस को बड़ी खूबसूरती से गोल में डाला। जर्मनी कुछ अवसरों पर ही स्पेन को परेशानी में डाल पाया लेकिन खेल आगे बढ़ने के साथ उसके प्रदर्शन में भी सुधार होता रहा और आखिर में फुलक्रुग के करीब से जमाए गए शॉट से वह बराबरी करने में सफल रहा।

प्रमुख खबरें

India-South Korea का बड़ा ऐलान, 2030 तक व्यापार दोगुना कर $50 Billion पहुंचाने का लक्ष्य

चुनाव आयोग का बड़ा एक्शन, West Bengal और Tamil Nadu में 48 घंटे का Dry Day

अनिल अंबानी की RCom पर CBI का शिकंजा, ₹2929 करोड़ Bank Fraud केस में दो टॉप अधिकारी गिरफ्तार

GT vs MI Playing XI: नहीं हुई रोहित शर्मा की वापसी, देखें मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस की प्लेइंग 11