By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026
शादियों और त्योहारों के दौरान खाद्य एवं गैर-खाद्य वस्तुओं की मांग बढ़ने से आगामी महीनों में खुदरा महंगाई दर में वृद्धि होने की आशंका है। वित्त मंत्रालय की एक रिपोर्ट में शनिवार को यह राय जताई गई। मंत्रालय ने नवंबर की मासिक आर्थिक समीक्षा (एमईआर) में कहा कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दिसंबर तिमाही में घरेलू आर्थिक गतिविधियों की गति बरकरार रहने की उम्मीद है।
उच्च आवृत्ति वाले संकेतक वस्तुओं के परिवहन, कर संग्रह, ऊर्जा खपत और माल ढुलाई में लगातार वृद्धि का संकेत दे रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष, होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही पर जोखिम और वैश्विक व्यापार नीतियों को लेकर अनिश्चितता आर्थिक परिदृश्य के लिए प्रमुख चुनौती बने हुए हैं। हालांकि, मजबूत व्यापक आर्थिक आधार और पर्याप्त सुरक्षा उपायों के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था इन चुनौतियों से निपटने की स्थिति में है।’’ वित्त मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े जोखिमों के कारण कच्चे तेल के आयात बिल और समुद्री माल भाड़े में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
आपूर्ति से जुड़े इन झटकों का असर आने वाले महीनों में थोक और खुदरा कीमतों पर पड़ सकता है। हालांकि, नवंबर की शुरुआत में वैश्विक कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने और मजबूत पूंजी प्रवाह के चलते रुपये में आई मजबूती से आयातित महंगाई के दबाव में कुछ राहत मिल सकती है, बशर्ते यह रुझान कायम रहे। एमईआर में कहा गया, ‘‘नवंबर तक त्योहारों का सिलसिला जारी रहने और शादियों के सीजन की शुरुआत के साथ खाद्य एवं गैर-खाद्य वस्तुओं की मांग बढ़ने से आगामी महंगाई आंकड़ों में तेजी का जोखिम रह सकता है।’’ खुदरा महंगाई दर अक्टूबर में दो साल में पहली बार रिजर्व बैंक की निर्धारित छह प्रतिशत की ऊपरी सीमा के पार निकल गई थी।
खाद्य महंगाई में तेज वृद्धि और प्रतिकूल आधार प्रभाव के कारण अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर 6.09 प्रतिशत रही थी। रिपोर्ट के अनुसार, प्रतिकूल आधार प्रभाव का असर नवंबर के महंगाई आंकड़ों में भी देखने को मिल सकता है। इसमें कहा गया है, ‘‘आधार प्रभाव बने रहने और मौसम संबंधी अनिश्चितताओं, खासकर मजबूत अल नीनो की संभावना के कारण निकट भविष्य में महंगाई पर दबाव बढ़ सकता है।’’ देश का विदेशी मुद्रा भंडार 13 नवंबर, 2026 तक 705.3 अरब डॉलर था, जो करीब 10 महीने के आयात के बराबर है।