मध्यप्रदेश कांग्रेस के दो विधायकों ने रेवांचल एक्सप्रेस में महिला यात्री के साथ की बदसलूकी, दर्ज हुई FIR

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 08, 2022

मध्य प्रदेश में कांग्रेस के दो विधायकों द्वारा ट्रेन में यात्रा करने के दौरान महिला यात्री के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ सिंह कुशवाहा और कोतमा विधायक सुनील  पर शराब पीकर छेड़छाड़ करने का आरोप सहयात्री महिला ने लगाया है, जो अपने सात माह के पुत्र के साथ यात्रा कर रही थी। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

इस संबंध में सागर जीआरपी थाना प्रभारी प्रमोद अहिरवार ने बताया कि छेड़खानी की घटना सागर से पहले हुई। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही हमारी टीम महिला के पास पहुंची और महिला की शिकायत को लिखित में दर्ज किया। इसके बाद दोनों विधायकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में सागर जीआरपी ने कार्रवाई शुरू कर दी है। भोपाल और हबीबगंज जीआरपी पुलिस भी मामले में मदद कर रही है। हालांकि मामला तूल पकड़ने के बाद कांग्रेस ने दोनों विधायकों को बेकसूर बताया है।

बदली गई महिला की सीट

घटना की जानकारी मिलने के बाद टीटीई ने महिला की सीट को बदल दिया। हालांकि महिला इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हुई। महिला ने मीडिया को कहा कि अब तक दोनों यात्रियों पर कार्रवाई नहीं हुई है। 

विधायकों ने आरोप नकारे

इस मामले में दोनों ही विधायकों ने नशे में होने और महिला के साथ बदसलूकी करने के आरोपों को नकार दिया है। इस संबंध में सिद्धार्थ कुशवाहा ने कहा कि महिला के साथ उन्होंने किसी तरह की बदसलूकी नहीं की है। उन्होंने कहा कि मैं कोतमा विधायक सुनील सर्राफ के साथ खाना खा रहा था। महिला के साथ बच्चा होने के कारण मैंने उन्हें अपनी बर्थ तक दे दी थी। महिला द्वारा लगाए गए आरोप बेबुनियाद और निराधार है।

हालांकि कहा जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भी सख्ती दिखाई है। उन्होंने तना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और कोतमा विधायक सुनील सराफ से मामले के संबंध में जवाब मांगा है। वहीं इस मामले में अब बीजेपी प्रवक्ता लोकेंद्र परासर ने भी निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि कमलनाथ  जी जवाब दो, शराब पीकर महिला यात्री के साथ छेड़छाड़ करने वाले विधायक क्या आपकी पार्टी से है।

प्रमुख खबरें

Shardiya Navratri 2026: घटस्थापना का शुभ Muhurat और मां Shailputri की पूजन विधि

Delhi में इंटरनेट पाबंदी पर Omar Abdullah का तंज, बोले- नए J&K मॉडल में स्वागत है

Gurdwara Bangla Sahib में जूते पहनकर घुसने का झूठा Video फैलाने वालों पर Delhi Police दर्ज करेगी केस

JPNIC पर बढ़ाई गई सुरक्षा, Jayaprakash Narayan जयंती पर पहुंच सकते हैं Akhilesh Yadav