By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 20, 2026
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में सोमवार देर रात एक मंडी समिति परिसर में आग लगने से लगभग एक दर्जन व्यापारियों के प्रतिष्ठान और दुकानें जलकर खाक हो गईं। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी करण सिंह यादव ने कहा, रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडी परिसर से रात 11.12 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं।
आग से मंडी समिति संघ के अध्यक्ष राकेश सोनकर सहित कई व्यापारियों के प्रतिष्ठान जलकर राख हो गए। सोनकर ने बताया कि शुरुआती आकलन के अनुसार, व्यापारियों को 40 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। व्यापारियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि मंडी समिति परिसर के शेड नंबर दो में व्यापारियों द्वारा रखा गया सामान भी बुरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
उन्होंने बताया कि इसमें आलू, लहसुन, प्याज और केले शामिल थे।