फिरोजाबाद में सनकी आशिक ने डेढ़ साल के मासूम को 8 बार सड़क पर पटका, नाली में फेंकी बच्चे की लाश, रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV फुटेज

By रेनू तिवारी | Jun 01, 2026

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली और हैवानियत से भरी वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को तार-तार कर दिया है। एक सनकी युवक ने महिला द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने का बदला लेने के लिए उसके महज डेढ़ साल के मासूम बेटे की सड़क पर बेरहमी से पटक-पटककर हत्या कर दी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात का एक खौफनाक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार रात एक मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके दोनों पैरों में पुलिस की गोली लगी है।

पुलिस के मुताबिक, शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में शनिवार दोपहर विराज उर्फ जितेंद्र पाठक ने रिश्ते की भाभी रती से शादी करने की जिद पूरी न होने पर उसके डेढ़ साल के मासूम बेटे आरव को सड़क पर बेरहमी से आठ बार पटक-पटककर मार डाला था। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक रविशंकर प्रसाद ने बताया कि बदायूं जनपद के रहने वाले युवक विराज ने शनिवार को डेढ़ साल के एक बच्चे की कथित तौर पर जमीन पर पटक-पटककर हत्या कर दी थी।

इसे भी पढ़ें: Twisha Sharma Case: CBI ने पति Samarth की मौजूदगी में किया Crime Scene Recreate, खुलेगी मौत की गुत्थी?

उन्होंने कहा कि घटना का वीडियो शनिवार देर शाम सामने आया था। उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। रविवार को उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीम का गठन किया गया था। शिकोहाबाद के थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को रविवार रात गिरफ्तार कर लिया था।

कुमार ने बताया कि पुलिस से मुठभेड़ के दौरान दोनों पैरों में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से अरांव निवासी रती देवी की शादी फरवरी 2024 में बदायूं जिले के शेखूपुर निवासी सुमित कुमार से हुई थी, लेकिन पति से अनबन के कारण वह पांच महीने से मायके में रह रही थी। पुलिस ने बताया कि इसी बीच सुमित के फुफेरे भाई विराज उर्फ जितेंद्र पाठक ने रती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे रती ने ठुकरा दिया था।

शनिवार को रती अपनी मां पिंकी देवी के साथ कानूनी राय लेने शिकोहाबाद आई थी। पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार महिला के ससुरालपक्ष का रिश्तेदार विराज भी दोपहर के समय शिकोहाबाद पहुंचा और वह बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने साथ ले गया। पुलिस ने बताया कि युवक ने मासूम को कथित तौर पर कई बार जमीन पर पटका जिससे उसकी मौत हो गई।

मासूम की मौत के बाद आरोपी उसके शव को नाली में फेंककर भाग गया। महिला ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। महिला का आरोप है कि युवक उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रविवार को पुलिस को विराज के थाना शिकोहाबाद के क्षेत्र भूडा-भरथरा के निकट होने की जानकारी मिली थी। उन्होंने बताया कि जब आरोपी की घेराबंदी की गई तो उसने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी।

पुलिस ने बताया कि पुलिसकर्मियों द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी गोलीबारी के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार करके इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से हथियार और कारतूस बरामद किये गए हैं और इस मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

प्रमुख खबरें

Travel Tips: Manipur घूमने का प्लान है तो Imphal में Kangla Fort और Loktak Lake जरूर देखें

Delhi में बैठे बैठे मोदी ने Iraq में कर दिया खेल, India के पास अब तेल ही तेल

उत्तर प्रदेश MLC Election: वोटर लिस्ट में अजीब गलतियों पर EC ने सॉफ्टवेयर अनुवाद को बताया जिम्मेदार

China का नाम लेकर Sonam Wangchuk ने मोदी सरकार पर लगाया बड़ा आरोप, Delhi से लेकर Leh तक मची खलबली!