By अभिनय आकाश | Jul 30, 2025
भारतीय राजनयिक ने दमिश्क में सीरियाई मंत्रियों के साथ बैठक की है, जो कि पूर्व हयात तहरीर अल-शाम (एचटीएस) नेता अहमद अल-शरा के नेतृत्व वाली सीरिया की संक्रमणकालीन सरकार के साथ भारत की पहली औपचारिक बातचीत है। सीरियाई समाचार एजेंसी सना की रिपोर्ट के अनुसार, विदेश मंत्रालय में पश्चिम एशिया और उत्तरी अफ्रीका (वाना) प्रभाग के निदेशक सुरेश कुमार ने सीरिया के विदेश मंत्री असद अल-शैबानी और स्वास्थ्य मंत्री मुसाब अल-अली के साथ बैठक की। कुमार की सीरिया यात्रा के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
बता दें कि गुटनिरपेक्ष आंदोलन के वक्त से ही सीरिया और भारत के करीबी संबंध रहे हैं। दोनों देश इस आंदोलन के सदस्य रहे हैं। बीते साल दिसंबर में असद की सत्ता जाने के बाद वहां के हालात स्थिर नहीं हो पाए है। शारा ने बीते दिनों देश के संविधान के ड्राफ्ट को बनाने के लिए एक सात सदस्यीय कमिटी भी बनाई थी। इसे लेकर भारत ने औपचारिक तौर पर कहा था कि सीरिया में संविधान बनाए जाने में सबका हित है।