By अनन्या मिश्रा | Oct 13, 2026
क्या आपके घर में भी कद्दू ज्यादा आ गया है और बार-बार आप एक ही तरह की सब्जी खाकर बोर हो चुके हैं। तो आप कद्दू की नई डिश ट्राई कर सकती हैं। आप कद्दू से मीठे से लेकर नमकीन तक कई तरह की स्वादिष्ट रेसिपीज बना सकती हैं। वहीं खास बात यह है कि इनमें से कुछ डिश ऐसी भी हैं, जिनको देखकर और खाकर आपको ऐसा नहीं लगेगा कि यह कद्दू से बनी हैं। कद्दू में मौजूद पोषक तत्व स्वाद के अलावा सेहत के लिए अच्छे होते हैं। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको कद्दू से बनने वाली 5 स्वादिष्ट रेसिपीज के बारे में बताने जा रहे हैं।
अगर आप भी मीठा खाने के शौकीन हैं, तो आप स्वादिष्ट कद्दू का हलवा बना सकती हैं। इसको बनाने के लिए कद्दू को छीलकर कद्दूकस करें। अब इसका हल्का पानी निचोड़ लें और कड़ाही में घी गर्म करें और कद्दू को अच्छे से भूनें, जिससे इसका कच्चापन खत्म हो जाएगा। फिर दूध और चीनी डालकर इसको धीमी आंच पर पकाएं। जब दूध सूखने लगे और हलवा गाढ़ा होने लगे, तो इसमें काजू, बादाम, इलायची पाउडर और किशमिश डालें। ऊपर से घी डालकर सर्व करें।
अगर आपको नाश्ते में कुछ ट्राई करना है, तो कद्दू के चीले बनाएं। इसको बनाने के लिए कद्दू को कद्दूकस करके बेसन में मिलाएं और फिर बारीक कटी हरी मिर्च, धनिया, नमक, अजवाइन और अपने पसंदीदा मसाले डालकर मिक्स करें। इसको न ज्यादा पतला रखें और न ज्यादा गाढ़ा बैटर बनाएं। अब तवा को गर्म करके पूरे तवे पर तेल लगाकर बैटर लगाएं और दोनों तरफ से इसको सुनहरा होने तक भूनें। इसको हरी चटनी, टमाटर की चटनी या दही के साथ सर्व करें।
कद्दू से बनने वाली खीर स्वाद में सामान्य खीर से थोड़ी डिफरेंट होती है। कद्दू की खीर बनाने के लिए कद्दू को कद्दूकस कर लें। फिर इसको हल्का सा उबाल कर घी में भूनें। अब दूध में डालकर इसको मीडियम फ्लेम पर पकाएं। जब यह अच्छे से नरम हो जाए और दूध गाढ़ा होने लगे, तब इसमें चीनी को मिलाएं। अब इसमें काजू, बादाम, पिस्ता, केसर और इलायची डालें। कुछ देर पकाने के बाद गैस बंद कर दें। आप चाहें तो इसको गरमा-गरम सर्व करें या फिर ठंडा होने पर सर्व करें।
आप कद्दू को हेल्दी स्नैक्स के रूप में भी इस्तेमाल कर सकती है। इसके लिए कद्दू को छीलकर इसको छोटे और बराबर टुकड़ों में काट लें। फिर थोड़ा सा जैतून का तेल, काली मिर्च, नमक, चिली फ्लेक्स और अपनी पसंद के हर्ब्स डालकर अच्छे से मिक्स करें। अब इसको ओवन या एयर फ्रायर में तब तक रोस्ट करें, जब तक कि इसके किनारे हल्के क्रिस्पी और सुनहरे न हो जाएं। इसको शाम के स्नैक के रूप में लंच या डिनर के रूप में साइड डिश की तरह परोस सकते हैं।