शादी से दिल्ली लौट रहे परिवार के पांच लोगों की बुलंदशहर में सड़क दुर्घटना में मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 18, 2025

 बदायूं में शादी समारोह में हिस्सा लेने के बाद दिल्ली लौट रहे एक परिवार के पांच लोगों की बुधवार की सुबह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, तथा एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि चालक को नींद आने के कारण कार अनियंत्रित हो कर सड़क पर एक पुलिया से जा टकराई। इसके बाद कार पलट गई और उसमें आग लग गई।

उन्होंने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है और उसमें आग लग गई है। स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव-राहत कार्य शुरू किया। सिंह ने कहा, गुलनाज (28) नामक एक घायल महिला को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। कार में सवार पांच अन्य लोगों की मौत हो गई।

मृतकों में जुबैर (28 वर्ष), तंजीम (26), मोमिना (24), जैनुल (2) और जेबा उर्फ निदा (23) हैं। उन्होंने कहा “शुरुआती जांच में पता चला है कि सभी छह लोग बदायूं जिले में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे और वहां से दिल्ली के मालवीय नगर लौट रहे थे। सुबह के समय कार के चालक को नींद आ गई और गाड़ी अनियंत्रित हो कर एक पुलिया से टकराई। इसके बाद कार पलटी तथा उसमें आग लग गई।”

सिंह ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्यवाही चल रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद आगरा एवं बुलंदशहर में हुए सड़क हादसों में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

प्रमुख खबरें

Green Hydrogen और ऊर्जा क्षेत्र में UP-जापान संबंध होंगे मजबूत: गवर्नर Kotaro Nagasaki

Jharkhand Police ने छात्र प्रदर्शन पर 3 FIR दर्ज की, 900 से अधिक पर शिकंजा

Arvind Kejriwal गोवा में E20 Petrol नीति पर करेंगे टाउन हॉल, दो दिवसीय दौरा शुरू

India Open 2028 गुवाहाटी में होगा, BAI ने सुरक्षा कारणों से लिया फैसला