By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 24, 2023
नयी दिल्ली/गुरदासपुर। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पाकिस्तान के ड्रोन से अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पंजाब में गिराई गईं ऑस्ट्रिया निर्मित पांच ‘ग्लॉक’ पिस्तौल और 91 गोलियां शुक्रवार को बरामद कीं। गुरदासपुर सेक्टर के मेटला इलाके में देर रात करीब ढाई बजे हथियार और गोला-बारूद गिराए गए। बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि बल के जवानों ने ‘‘घुसपैठ कर रहे’’ ड्रोन पर गोलीबारी की और बाद में इलाके की तलाशी के दौरान खेत से एक पैकेट बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पैकेट में पांच ग्लॉक पिस्तौल, 10 मैगजीन और 91 गोलियां थीं।