By अनन्या मिश्रा | Oct 24, 2026
पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर आज यानी की 24 अक्टूबर को अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। वह भारतीय जनता पार्टी के एक प्रमुख भारतीय राजनीतिज्ञ और हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से लोकसभा सांसद हैं। अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से 5 बार लोकसभा सदस्य चुने गए हैं। इसके अलावा वह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। तो आइए जानते हैं उनके जन्मदिन के मौके पर अनुराग ठाकुर के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में...
मई 2008 के लोकसभा चुनाव में अनुराग ठाकुर पहली बार भारतीय जनता पार्टी से लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुए। इसके बाद साल 2009 में वह दूसरी बार लोकसभा के सदस्य के रूप में चुने गए। वह राजनीति के अलावा खेलों से भी जुड़े हैं। साल 2001 में अनुराग ठाकुर भारतीय जूनियर क्रिकेट टीम के चयनकर्ता बने थे।
फिर वह हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोशिएशन के अध्यक्ष बने। वहीं मई 2016 में अनुराग ठाकुर भारतीय जनता पार्टी के पहले ऐसे सांसद बने, जिनको प्रादेशिक सेना में नियमित कमिशंड ऑफिसर बनाया गया था। वहीं 30 मई 2019 में वह मोदी सरकार में वित्त और कॉर्पोरेट मामले के राज्य मंत्री बने थे। वर्तमान समय में वह हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद हैं।
बता दें कि अनुराग ठाकुर ने साल 2002 में शादी की थी। उनकी पत्नी शेफाली भी एक रॉयल फैमिली से ताल्लुक रखती हैं। शेफाली हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग PWD मंत्री रहे गुलाब सिंह ठाकुर की बेटी हैं। अनुराग और शेफाली के दो बेटे जयादित्य और उदयवीर हैं।
अनुराग ठाकुर का विवादों से पुराना नाता रहा है। साल 2011 में अनुराग ठाकुर ने 'लाल चौक जाएंगे, तिरंगा वहीं लहराएंगे' नारे के साथ संकटग्रस्त कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराया था और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति को मजबूत किया था। हालांकि इस बात पर तब काफी ज्यादा विवाद हुआ था। इसके अलावा दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान रिठाला में हुई एक रैली में उन्होंने 'देश के गद्दारों को गोली मारो सालों को' का नारा लगवाया था। जिसके चलते काफी विवाद हुआ था।