By रेनू तिवारी | Jul 25, 2026
असम में जारी विनाशकारी बाढ़ संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से टेलीफोन पर बातचीत कर बाढ़ की मौजूदा स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्र सरकार की ओर से राज्य को हरसंभव सहायता प्रदान करने का अटूट आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री के साथ हुई इस उच्चस्तरीय बातचीत की जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने जनहानि और संपत्ति के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया तथा असम के लोगों को आश्वस्त किया कि इस आपदा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। भारत सरकार राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में प्रधानमंत्री मोदी के आश्वासन और अटूट सहयोग के लिए असम की जनता उनकी आभारी है।
इस बीच, शनिवार को भी असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही, हालांकि कुछ इलाकों में पानी का स्तर घटने लगा है। अब तक बाढ़ से 61 लोगों की मौत हो चुकी है और नौ जिलों में 7.05 लाख से अधिक लोग इस आपदा से प्रभावित हैं।