By अनन्या मिश्रा | Oct 01, 2025
दशहरा पर्व को विजयादशमी भी कहा जाता है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। दशहरा का पर्व भगवान श्रीराम की रावण पर विजय का प्रतीक है। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक दशहरे का दिन सिद्ध मुहूर्त होता है। इस दिन किए गए शुभ कार्यों का कई गुना फल मिलता है। ऐसे में आप भी दशहरे के दिन कुछ आसान ज्योतिष उपाय अपनाने से जीवन में खुशहाली और समृद्धि बनी रहती है। साथ ही परिवार में सुख-शांति और धन संपत्ति का वास होता है।
दशहरे के दिन सुबह स्नान आदि करने के बाद साफ कपड़े पहनें और पूजा शुरू करें। सबसे पहले घर के मंदिर की सफाई करें और फिर गोबर के छोटे उपले बनाकर उस पर पीले फूल चढ़ाएं। इस दिन विधि-विधान से पूजा कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करें। हिंदू धर्म में गाय के गोबर को पवित्र और शुद्ध माना जाता है। इसलिए सुबह गाय के गोबर से उपले बनाकर अच्छे से सुखा लें। फिर रात के लिए पूजन करें। इस उपाय को करने से जीवन में खुशहाली आती है।
ज्योतिष और वास्तु में घर के मुख्य द्वार को ऊर्जा का मुख्य प्रवेश द्वार माना जाता है। माना जाता है कि घर में कोई भी ऊर्जा मुख्य द्वार से अंदर प्रवेश करती है। जिस कारण घर के मुख्य द्वार को हमेशा साफ-सुथरा रखना चाहिए। इसके साथ ही घर का मुख्य दरवाजा भी सकारात्मकता से भरा होना चाहिए। इससे घर में सुख-समृद्धि आती है। दशहरे के दिन मुख्य द्वार को आम के पत्तों के तोरण से सजाना शुभ होता है।
दशहरे के पर्व को धन और लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। अगर आप इस दिन घर की तिजोरी या फिर पूजा स्थल पर 11 गोमती चक्र या फिर श्रीयंत्र रखें। इस उपाय को करने से धन लाभ के योग बनते हैं। साथ ही घर की तिजोरी में 5 कौड़ियां भी रखनी चाहिए। कौड़ी धन को आकर्षित करने की सामग्री माना जाता है। ऐसा करने से घर में धन योग बनते हैं। इन चीजों को लाल कपड़े में बांधकर रखना चाहिए।
नमक ऐसी सामग्री है, जो ऊर्जा को शुद्ध करने की क्षमता रखता है। अगर आप दशहरे के दिन घर के मुख्य द्वार पर नमक के पानी का छिड़काव करते हैं, तो इसको शुभ माना जाता है। नमक के पानी का मुख्य द्वार पर छिड़काव करने से किसी भी तरह की निगेटिव एनर्जी घर के अंदर नहीं आती है।
बता दें कि दशहरा सिर्फ शक्ति पूजा का ही नहीं बल्कि मां लक्ष्मी की विशेष कृपा पाने का भी अच्छा मौका है। रात में मां लक्ष्मी की पूजा करके आप अपने जीवन में स्थायी सुख-समृद्धि और ऐश्वर्य को आमंत्रित कर सकते हैं। रात के समय यह उपाय करना विशेष फलदायी माना जाता है। मां लक्ष्मी के पूजन के साथ ही खीर का भोग लगाएं।