By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026
पूर्व प्रधान न्यायाधीश बीआर गवई ने उच्च न्यायपालिका में हाल ही में हुई नियुक्तियों और तबादलों पर कड़ी असहमति और निराशा जताते हुए शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर उनसे हस्तक्षेप करने की अपील की ताकि उच्च न्यायालयों और उच्चतम न्यायालय में अनुसूचित जाति(एसी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अल्पसंख्यकों के कम प्रतिनिधित्व के मुद्दे को सुलझाया जा सके। न्यायमूर्ति गवई देश के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) बनने वाले पहले बौद्ध और न्यायमूर्ति के. जी. बालकृष्णन के बाद दूसरे दलित व्यक्ति हैं। वह न्यायाधीशों की नियुक्ति करने वाली ‘कॉलेजियम प्रणाली’ का पुरजोर बचाव करते रहे हैं।
हालांकि, अपने पत्र में न्यायमूर्ति गवई ने उच्च न्यायपालिका में नियुक्तियों और तबादलों के दौरान जाति-आधारित प्राथमिकताएं बढ़ने, समावेशिता की कमी और योग्यता की अनदेखी किए जाने के बढ़ते चलन पर गहरी चिंता जताई है। न्यायमूर्ति गवई के 23 नवंबर, 2025 को सेवानिवृत्त होने के बाद वर्तमान प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने उनका स्थान लिया। न्यायमूर्ति गवई ने कहा, ‘‘जब मैं कॉलेजियम का हिस्सा था और भारत का प्रधान न्यायाधीश था, तो मैंने हमेशा विविधता और समावेशिता के सिद्धांतों का पालन किया।
समाज के विभिन्न वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाना सुनिश्चित किया गया जिनमें समाज के अगड़े वर्ग के साथ-साथ वंचित वर्ग-जैसे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और महिलाएं सभी शामिल थे।’’ उन्होंने अपने उत्तराधिकारी का नाम लिए बिना कहा, ‘‘हालांकि, हाल के समय में कुछ परेशान करने वाली घटनाएं सामने आई हैं, जो योग्यता और समावेशिता के सिद्धांतों की पूरी तरह से अनदेखी को दर्शाती हैं।’’ न्यायमूर्ति गवई ने कहा, ‘‘मुझे अपनी असहमति और निराशा व्यक्त करनी पड़ रही है, क्योंकि ऐसा लगता है कि नियुक्तियां और तबादले करते समय विविधता, समावेशिता और योग्यता के सिद्धांतों को पूरी तरह से नजरअंदाज किया जा रहा है, और इसके बजाय अन्य अप्रासंगिक कारकों को ध्यान में रखा जा रहा है।’’ न्यायमूर्ति गवई ने अनुसूचित जनजाति से संबंध रखने वाली राष्ट्रपति को लिखे तीन पन्नों के पत्र में आरोप लगाया है कि ‘‘समाज के एक विशेष वर्ग’’ के उम्मीदवारों को तरजीह दी जा रही है। उन्होंने उक्त वर्ग का नाम लिए बिना कहा, ‘‘समाज के एक खास वर्ग के उम्मीदवारों को ही सिफारिश या पदोन्नति के लिए प्राथमिकता दी जा रही है। इसमें बाकी सभी लोगों को नजरअंदाज किया जा रहा है जिनमें हाशिए पर मौजूद अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और महिलाएं जैसे समुदाय शामिल हैं, और यहां तक कि समाज के उन वर्गों के लोग भी शामिल हैं जो किसी खास समुदाय से ताल्लुक नहीं रखते।’’ न्यायमूर्ति गवई के सेवानिवृत्त होने के बाद मौजूदा सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम ने सात नए न्यायाधीशों न्यायमूर्ति शील नागू, न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर, न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा, न्यायमूर्ति अरुण पल्ली, न्यायमूर्ति वी. मोहना, न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल, न्यायमूर्ति डी. के. उपाध्याय और न्यायमूर्ति अप्रेस कुमार सिंह को उच्चतम न्यायालय में नियुक्त किया है।
न्यायमूर्ति गवई ने राष्ट्रपति से अपील की कि वह ‘‘मौजूदा मुद्दे का संज्ञान लें और मामले में हस्तक्षेप करें’’ ताकि सभी को उच्च न्यायपालिका में समान प्रतिनिधित्व के संवैधानिक कर्तव्य की याद दिलाई जा सके। पूर्व सीजेआई ने सरकार के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 2018 के बाद से नियुक्त किए गए उच्च न्यायालय के 715 न्यायाधीशों में से केवल 22 एससी से, 16 एसटी से, 89 ओबीसी से और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से थे। उन्होंने पत्र में कहा कि संवैधानिक अदालतों के लगभग हर चार न्यायाधीशों में से तीन सामान्य वर्ग से आते हैं।
न्यायमूर्ति गवई ने कहा, ‘‘जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच हुई नियुक्तियों में, अगड़े समुदायों की हिस्सेदारी लगभग 80 प्रतिशत रही है।’’ उन्होंने कहा कि ओबीसी की कुल आबादी में हिस्सेदारी संभवत: 40 से 50 प्रतिशत है लेकिन उन्हें उच्च न्यायपालिका में 14 प्रतिशत से भी कम हिस्सेदारी मिली है। पूर्व सीजेआई ने कहा कि उच्चतम न्यायालय में नियुक्तियों के लिए जाति का रिकॉर्ड नहीं रखा जाता है और यह ‘चुप्पी’ समस्या का एक हिस्सा है। उन्होंने कहा, ‘‘एक ऐसा समुदाय जिसकी आबादी देश की कुल जनसंख्या के पांच प्रतिशत से भी कम है, उसका उच्चतम न्यायालय में 40 प्रतिशत से अधिक प्रतिनिधित्व रहा है, और हाल के समय में इसमें कई गुना वृद्धि हुई है।
हालांकि मैं मानता हूं कि यह कोई नयी बात नहीं है, लेकिन ठीक इसी वजह से अब इसे और अधिक अक्षम्य माना जा रहा है।’’ पूर्व सीजेआई ने पत्र की प्रतियां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी भेजी हैं। उन्होंने कहा कि वह ‘एक चिंतित नागरिक’ के तौर पर लिख रहे हैं, जो कॉलेजियम के सदस्य और प्रमुख दोनों रह चुके हैं अब जिसकी (कॉलेजियम की) कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। उन्होंने कहा कि हाल की घटनाओं ने ऐसी ‘मजबूर करने वाली परिस्थितियां’ पैदा कर दी हैं, जिनसे यह धारणा बनती है कि सिफारिशें अक्सर किसी एक समुदाय को खुश करने और उसे पुरस्कृत करने के लिए की जा रही हैं।
न्यायमूर्ति गवई ने राजनीतिक वैज्ञानिक जॉर्ज गैडबोइस द्वारा उच्चतम न्यायालय के शुरुआती चार दशकों पर किए गए अध्ययन का हवाला दिया, जिसमें पाया गया कि 1950 से 1989 के बीच, एक समुदाय जिसकी आबादी उस समय कुल जनसंख्या का लगभग 19वां हिस्सा थी के पास एक तिहाई से अधिक न्यायाधीश पद थे। अध्ययन में ब्राह्मण समुदाय को दिए गए असंगत प्रतिनिधित्व का उल्लेख किया गया था। न्यायमूर्ति गवई ने कहा, ‘‘गणतंत्र के 75 वर्षों के बाद भी, उच्चतम न्यायालय का स्वरूप लगभग वैसा ही बना हुआ है।
इस विफलता के लिए हममें से हर कोई कुछ हद तक जिम्मेदार है, और मैं यह बात साफ तौर पर कह रहा हूं। चूंकि मैं जानता हूं कि किस तरह परिचित होने, नेटवर्क और इस तरह की बिना परखी धारणाओं कि उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश ‘दिखने में कैसा’ होना चाहिए के कारण ये पैटर्न बने रहते हैं, इसलिए अब मैं और चुप नहीं रह सकता।’’ उन्होंने किसी का नाम लिए बिना, उच्च न्यायालय में तबादलों और मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्तियों पर भी सवाल उठाए। पूर्व सीजेआई ने कहा, ‘‘हाल ही में एक उच्च न्यायालय से दूसरे उच्च न्यायालय में तबादले की जो सिफारिश की गई है, उसे लेकर भी ऐसी धारणा है कि इसमें योग्यता को नजरअंदाज किया गया है और अन्य समान कारकों को अहमियत दी गई है।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘एक मुख्य न्यायाधीश, जिनका तबादला पहले एक उच्च न्यायालय से दूसरे छोटे उच्च न्यायालय में और फिर वहां से सबसे छोटे उच्च न्यायालयों में से एक में कर दिया गया था, उन्हें अब एक खास समुदाय से होने के इनाम के तौर पर एक प्रमुख उच्च न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया गया है।’’ न्यायमूर्ति गवई ने कहा कि इसके परिणामस्वरूप, एक उच्च न्यायालय के योग्य और मेहनती मुख्य न्यायाधीश का तबादला एक छोटे उच्च न्यायालय में कर दिया गया, ताकि उनके लिए जगह बनाई जा सके।
उन्होंने कहा, ‘‘यह न केवल ऐसे योग्य मुख्य न्यायाधीश का मनोबल गिराने वाला है, बल्कि समाज के वंचित वर्गों से आने वाले लोगों सहित सभी मेहनती न्यायाधीशों पर भी इसका बहुत बुरा असर पड़ता है।’’ न्यायमूर्ति गवई ने कहा कि नियुक्तियों और तबादलों में कार्यपालिका ‘बराबर की हिस्सेदार’ है। उन्होंने कहा कि संसद और कार्यपालिका ने अक्सर कॉलेजियम से हाशिए पर मौजूद वर्गों के लोगों के नाम शामिल करने के लिए कहा है। न्यायमूर्ति गवई ने मार्च 2026 में कॉलेजियम प्रणाली को वर्तमान में सबसे व्यावहारिक मॉडल बताया था।
साथ ही, उन्होंने सिफारिशों को मंजूरी देने में कार्यपालिका की ओर से होने वाली देरी की आलोचना की और कहा कि जब कॉलेजियम किसी नाम की दोबारा सिफारिश करता है तो कार्यपालिका को उसे मानना ही चाहिए। व्यावहारिक रूप में, राष्ट्रपति ऐसे मामलों में मंत्रिपरिषद की सलाह पर काम करते हैं।