By Renu Tiwari | Oct 21, 2025
फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सारकोजी देश के ऐसे पहले राष्ट्रपति होंगे जो जेल की सजा काटेंगे। मंगलवार से पेरिस की ला सैंटे जेल में उनकी पांच साल की सजा शुरू होना प्रस्तावित है। सारकोजी को वर्ष 2007 के अपने चुनाव प्रचार अभियान को लीबिया से मिले धन से वित्तपोषित करने के आपराधिक षड्यंत्र रचने का दोषी पाया गया है हालांकि वह खुद को निर्दोष बताते हैं। सारकोजी को उसी जेल में रखा जाएगा जहां 19वीं सदी के बाद से कुछ सबसे हाई-प्रोफाइल कैदी रहे हैं।
इस पर पूर्व राष्ट्रपति ने खुद को बेकसूर बताया और अपील लंबित रहने तक जेल में रखने के फैसले का विरोध किया है। सारकोजी ने ‘ला ट्रिब्यून डिमांचे’ अखबार को बताया, ‘‘मुझे जेल जाने से डर नहीं लगता। मैं अपना सिर ऊंचा रखूंगा, ला सैंटे के दरवाजे के सामने भी। मैं अंत तक लड़ूंगा।’’ ‘ला ट्रिब्यून डिमांचे’ की खबर के अनुसार सारकोजी ने अपने बैग में कपड़े और पारिवार से जुड़ी 10 तस्वीरें रखी हैं जिन्हें उन्हें अपने साथ ले जाने की अनुमति मिली है।