By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 06, 2019
फतेहगढ़ साहिब (पंजाब)। पूर्व सांसद सुखदेव सिंह लिबरा का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार को सुबह निधन हो गया। उनके परिवार के सदस्यों ने यह जानकारी दी। वह 87 साल के थे। लिबरा मौजूदा समय में लुधियाना जिले में खन्ना के पास लिबरा गांव में रहते थे और वह शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के दिवंगत पूर्व अध्यक्ष गुरुचरण सिंह तोहरा के करीबी थे।
लिबरा 14वीं और 15वीं लोकसभा के सदस्य थे। वह 1985 में पंजाब विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। लिबरा 1998-2004 के बीच राज्यसभा के सदस्य रहे। उन्होंने लोकसभा में फतेहगढ़ साहिब और रोपड़ सीट का प्रतिनिधित्व किया।
शुरू में लिबरा ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। बाद में वह शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए। उन्होंने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) सदस्य के तौर पर भी अपनी सेवाएं दीं।