ब्रिटेन के पूर्व पीएम केअर स्टार्मर ने लंदन से सांसद पद छोड़ने का किया एलान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 01, 2026

अदिति खन्ना लंदन, एक सितंबर ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने मंगलवार को लंदन से सांसद पद से इस्तीफा देने की योजना की घोषणा की और कहा कि वह अब ‘‘अंतरराष्ट्रीय मामलों’’ पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। स्टार्मर ने पिछले महीने लेबर पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद एंडी बर्नहम ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट में प्रधानमंत्री का पद संभाला था।

स्टार्मर ने कहा, ‘‘गर्मियों के दौरान मुझे अपने भविष्य पर विचार करने का समय मिला। मैंने फैसला किया है कि अब होलबोर्न और सेंट पैनक्रास से सांसद पद छोड़ने और यह जिम्मेदारी किसी और को सौंपने का सही समय है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘महान फ्रैंक डॉबसन से 11 साल पहले यह जिम्मेदारी संभालने के बाद देश के सबसे अच्छे निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात रही है।’’ स्टार्मर ने कहा कि अब वह अन्य मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं, जिनमें तेजी से बदलती दुनिया में अंतरराष्ट्रीय मामले, रक्षा, सुरक्षा, व्यापार और प्रौद्योगिकी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वह महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा से निपटने के लिए भी अन्य लोगों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं हमेशा इस बात पर बेहद गर्व महसूस करूंगा कि मैंने उस जगह का प्रतिनिधित्व किया, जिसे मेरी पत्नी बच्चे और मैं अपना घर कहते हैं।’’ उपचुनाव से ग्रीन पार्टी को लंदन की उस सीट पर अपनी दावेदारी मजबूत करने का मौका मिल सकता है, जहां इस वामपंथी दल को लगता है कि उसका अच्छा-खासा समर्थन है। ऐसी संभावना भी जताई जा रही है कि यह उपचुनाव ग्रीन पार्टी के नेता जैक पोलांस्की के लिए हाउस ऑफ कॉमन्स में सीट हासिल करने की परीक्षा बन सकता है। पार्टी के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जैक ने हमेशा स्पष्ट किया है कि वह लंदन से सांसद बनना चाहते हैं।

लंदन पिछले 20 वर्षों से अधिक समय से उनका घर रहा है।’’ प्रवक्ता ने इस मुकाबले में उनके उतरने की संभावना से इनकार नहीं किया।

प्रमुख खबरें

नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ से 1,050 लोगों की मौत, 4,000 लापता

दिल्ली में 400 यूनिट तक खपत वाले 2.30 लाख उपभोक्ताओं को मुफ्त सोलर पैनल मिलेंगे

कोलकाता में छह घंटे की पूछताछ के बाद बोले अभिषेक बनर्जी, भाजपा सरकार कर रही राजनीतिक बदले की कार्रवाई

राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग पर नेशनल कॉन्फ्रेंस श्रीनगर और जम्मू में भाजपा दफ्तरों का घेराव करेगी