केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा- शिलान्यास से किसी पार्टी का जनाधार नहीं बढ़ने वाला

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 14, 2021

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने मंगलवार को केंद्र और राज्य की सत्तारूढ़ सरकार पर निशाना साधते हुये कहा कि ताबड़तोड़ घोषणाएं, शिलान्यास और आधे-अधूरे कार्यों का उद्घाटन करने से किसी पार्टी का जनाधार बढ़ने वाला नहीं है। उन्होंने बिना नाम लिये समाजवादी पार्टी (सपा) पर भी निशाना साधते हुये कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले दूसरी पार्टियों के निष्काषित व स्वार्थी किस्म के लोगों को शामिल करने से कोई पार्टी मजबूत नहीं होती। मायावती ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के 100 वर्ष पूरे होने पर पार्टी को बधाई दी। मायावती ने सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘चुनाव घोषित होने से कुछ समय पहले केंद्र व उत्तर प्रदेश की सरकार द्वारा ताबड़तोड़ घोषणाएं, शिलान्यास व आधे-अधूरे कार्यों के उद्घाटन से भी पार्टी का जनाधार बढ़ने वाला नहीं है। राज्य की जनता अब यह अच्छी तरह से समझ चुकी है। मैं प्रदेश की जनता को ऐसे सभी हथकंडो से सावधान रहने की अपील करती हूं।’’

इसे भी पढ़ें: प्रेमी से शादी करने के लिए महिला ने बलात्कार की बनाई झूठी कहानी, पुलिस में दर्ज कराई फर्जी शिकायत

मायावती ने पंजाब में शिअद के 100 वर्ष पूरे होने पर पार्टी के नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि देश में कम ही ऐसी पार्टियां हैं जिन्होंने 100 वर्षों से अधिक लोगों की सेवा की है। उनमें से शिअद भारत की पुरानी क्षेत्रीय पार्टी है, जो 100 वर्षों से पंजाब की जनता के लिये निरंतर संघर्ष करती रही है और अभी भी कर रही है। मायावती ने कहा, ‘‘पंजाब का मेरे ह्रदय में विशेष स्थान रहा है। दशकों से बसपा व पंजाब के लोगों के मजबूत रिश्ते रहे हैं। पंजाब बसपा के संस्थापक काशीराम जी की जन्मभूमि होने के साथ-साथ वह महान भूमि भी हैं जहां से उन्होंने बहुजन समाज के उत्थान के लिये काफी संघर्ष किया।’’ गौरतलब है कि पंजाब में अगले वर्ष की शुरूआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बसपा और शिअद ने गठबंधन किया है।

प्रमुख खबरें

Tata Sons और RBI की बातचीत पर Tata Trusts में उठे सवाल, लिस्टिंग की तैयारी तेज

Cauvery Water: तमिलनाडु को 4,000 क्यूसेक पानी देने के निर्देश पर कर्नाटक करेगा अपील, बोले DK Shivakumar

5 दिन बाद बड़ा धमाका, रहबर की तस्वीर ले ईरान की US को खतरनाक धमकी

Bihar CS Pratyaya Amrit ने DMs और SPs के साथ की बैठक, Crime Free Bihar बनाने के दिए सख्त निर्देश