By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 24, 2025
मणिपुर के इंफाल पूर्व और बिष्णुपुर जिलों से सुरक्षा बलों ने विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि शनिवार को प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (एमएफएल) के एक सक्रिय सदस्य को इंफाल पूर्व के खुरई थांगजाम लेइकाई स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया, जबकि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक सदस्य को चिंगरेल तेजपुर से गिरफ्तार किया गया।
केसीपी (नोंगड्रेनखोम्बा) के एक सदस्य को भी शनिवार को बिष्णुपुर जिले के निंगथौखोंग स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने शनिवार को इंफाल पूर्व के अंगथा गांव से पीआरईपीएके (पीआरओ) के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि जांच जारी है।