केरल के कोचीन विश्वविद्यालय में मची भगदड़ में चार विद्यार्थियों की मौत, 60 से अधिक घायल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 26, 2023

केरल के कोच्चि में शनिवार रात कोचीन विश्वविद्यालय के वार्षिकोत्सव के दौरान मची भगदड़ में चार विद्यार्थियों की मौत हो गई और 60 से अधिक घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि भगदड़ मशहूर गायिका निकिता गांधी के यहां कोचीन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीयूएसएटी) के खुले सभागार में आयोजित संगीत समारोह में प्रस्तुति देने से पहले हुई। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के अनुसार, दो छात्र और दो छात्राओं की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोगों का कलामसेरी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल और कुछ अन्य अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। जॉर्ज ने बताया कि चार और छात्रों की हालत गंभीर है।

प्रारंभिक जानकारी से पता चला था कि भगदड़ निकिता गांधी के संगीत कार्यक्रम के दौरान हुई थी जबकि बाद में अधिकारियों ने कहा कि जब घटना हुई तब तक गायिका ने प्रस्तुति शुरू नहीं की थी। एक प्रत्यक्षदर्शी ने मीडिया को बताया, “कार्यक्रम में केवल टिकट धारकों को प्रवेश की अनुमति थी। हालांकि, संगीत कार्यक्रम के दौरान कई स्थानीय निवासी भी सभागार के बाहर थे।” प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जब अचानक बारिश शुरू हुई तो सभी दर्शक मंच की ओर दौड़ पड़े, जहां छत वाली जगह थी। इस बीच, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने घटना के मद्देनजर कोझिकोड के एक सरकारी अतिथि गृह में आपात बैठक की और विद्यार्थियों की मौत पर शोक व्यक्त किया।

विजयन ने रविवार को उत्तरी जिले में जारी ‘नव केरल सदास’ कार्यक्रम के संबंध में निर्धारित सभी सांस्कृतिक एवं कला कार्यक्रमों को रद्द करने की घोषणा की। उन्होंने विभिन्न कार्यों में समन्वय के लिए मंत्रियों पी. राजीव और आर. बिंदू को कलामसेरी परिसर जाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने एक बयान में, सभी घायलों का इलाज सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया और कहा कि जॉर्ज इस घटना से संबंधित कार्यों में समन्वय करेंगी। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

केरल के वायनाड से सांसद गांधी ने फेसबुक पर लिखा, “कोच्चि के सीयूएसएटी विश्वविद्यालय में भगदड़ की दुखद घटना में चार छात्रों की मौत और कई अन्य के घायल होने से बहुत स्तब्ध और दुखी हूं।” उन्होंने लिखा, “शोक संतप्त परिवारों के हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। इस कठिन समय में उन्हें (दुख सहन करने की) शक्ति मिले। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं और केरल सरकार से उन्हें सर्वोत्तम उपचार प्रदान करने का आग्रह करता हूं।

प्रमुख खबरें

India-UK Strategic Dialogue | NSA अजित डोभाल और ब्रिटिश समकक्ष Jonathan Powell की वार्ता: आतंकवाद और खालिस्तान समर्थित चरमपंथ पर भारत का कड़ा रुख

दिल्ली के करोल बाग में सनसनी: तड़के हुई गोलीबारी में एक युवक घायल, आरोपियों की तलाश जारी

West Bengal Elections 2026 | डेटा सुरक्षा के लिए निर्वाचन आयोग के नए निर्देश, SD कार्ड निकालने पर लगी रोक

Ex Army Chief General Naravane का बड़ा खुलासा, LAC गतिरोध के दौरान सेना को मिली थी पूरी छूट, राजनीति से रहें दूर