By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 07, 2026
पेरिस, सात अक्टूबर (एपी) शिक्षा के लिए अधिक धन की मांग कर रहे स्कूली विद्यार्थियों के समर्थन में मंगलवार को पूरे फ्रांस में ढाई लाख से अधिक लोगों ने प्रदर्शन किया जबकि पेरिस और अन्य शहरों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, देशभर में 2.66 लाख लोगों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया, जिनमें 56 हजार पेरिस में थे। इन प्रदर्शनों से निवर्तमान राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के प्रशासन पर दबाव बढ़ गया।
कुछ छात्र संगठनों ने बृहस्पतिवार को नए प्रदर्शन का आह्वान किया है। फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्तियन लेकोर्नू ने कहा कि सरकार और स्कूल नेतृत्व को छात्रों की चिंताओं को सुनकर उनका समाधान तलाशना चाहिए। उन्होंने स्कूलों को प्रभावित करने वाली ‘‘अत्यधिक हिंसा’’ की निंदा की और पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई किसी भी ‘‘दुर्घटना’’ की जांच का आश्वासन दिया।
छात्रों ने जर्जर कक्षाओं की ओर ध्यान दिलाया है, जहां मेज और कुर्सियों जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। एयर कंडीशनिंग नहीं होने के कारण गर्मियों में ये कक्षाएं बेहद गर्म हो जाती हैं और कुछ जगहों पर चूहों का प्रकोप भी है। छात्रों की अन्य शिकायतों में कर्मचारियों की कमी और अत्यधिक काम का बोझ शामिल है।
शिक्षा मंत्रालय ने छात्रों की शिकायतें और उनके सुझाए बदलाव जानने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया है। पड़ोसी बेल्जियम में भी छात्रों के प्रदर्शन हुए, जहां लीज में 30 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया।