G7 सम्मेलन में ईरान, अमेजन आग का मुद्दा छाया, लेकिन खुद की एकता पर भी उठे सवाल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 26, 2019

बिआरित्ज (फ्रांस)। फ्रांस के तटीय शहर बिआरित्ज में सोमवार को जी7 शिखर सम्मेलन संपन्न हो गया जिसमें सदस्य देशों के बीच अमेजन के वर्षावन में आग सहित दुनिया के सामने पेश समस्याओं पर चर्चा हुई लेकिन इन सब पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ‘‘कारोबार युद्ध’’ का मुद्दा छाया रहा और इस समूह की एकता पर भी सवाल उठे। इस सम्मेलन ने शनिवार को तब नाटकीय मोड़ ले लिया जब ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद जरीफ तेहरान के विवादित परमाणु कार्यक्रम पर राजनयिक गतिरोध के संबंध में चर्चा करने के लिए बिआरित्ज पहुंचे। जरीफ की यहां मौजूदगी अप्रत्याशित थी और यह फ्रांस की तरफ से ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव कम करने की कोशिश थी।

इसे भी पढ़ें: अमेरिका से बढ़ा तनाव, ईरानी तेल टैंकर ने अपना गंतव्य स्थान बदल कर किया तुर्की

सूत्रों का कहना है कि जरीफ की इस यात्रा के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के बीच शनिवार को दोपहर के भोजन के दौरान भी चर्चा हुई। नाम न जाहिर करने की शर्त पर एक राजनयिक ने कहा, ‘‘ हम अमेरिका के साथ पूरी पारदर्शिता से काम कर रहे हैं।’’हालांकि अमेरिकी मीडिया में यह खबर चल रही थी कि व्हाइट हाउस इस यात्रा से हैरत में है। ट्रंप सोमवार को वाशिंगटन लौटने से पहले एक संवाददाता सम्मेलन करेंगे। उन्होंने रविवार को दावा किया था कि जी-7 सम्मेलन ‘बेहतर तरीके’ से चल रहा है। ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और अमेरिका जी-7 समूह का हिस्सा हैं। इन देशों के नेताओं ने सम्मेलन के दूसरे दिन यहां के मनोरम समुद्र तट पर एक सामूहिक तस्वीर खिंचवाई। 

इसे भी पढ़ें: ईरानी टैंकर की मदद करने वाले सभी अमेरिकी प्रतिबंधों के घेरे में आएंगे: पोम्पिओ

अमेजन के जंगल में लगी आग को लेकर सम्मेलन के अंतिम दिन चर्चा हुई और इस पूरे घटनाक्रम को दुनिया के ‘‘ग्रीन लंग्स’’ पर हमला बताया गया। हालांकि ट्रंप ने इस मुद्दे पर ज्यादा बातें नहीं की। वह अपने नए मित्र और ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को लेकर बाकी सदस्यों से जरा अलग ही रहे। बोल्सोनारों की नीतियों को अमेजन के जंगल में लगी आग के लिए जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। शिखर सम्मेलन में कारोबार एक बड़ा मुद्दा था जिसकी वजह से ट्रंप जी 7 नेताओं से लगभग अलग रहे। बहरहाल, अमेरिकी राष्ट्रपति ने जी-7 शिखर सम्मेलन में ‘‘ब्रेक्जिट’’ के लिए ‘सही व्यक्ति’के तौर पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन का रविवार को समर्थन किया।

प्रमुख खबरें

Festive Season में मेहमानों के लिए झटपट बनाएं 3 टेस्टी Mushroom Snacks

Election Commission के मुद्दों पर 30 सितंबर को दिल्ली में बैठक करेगा INDIA गठबंधन

Anahat Singh और Abhay Singh एशियाई खेलों के फाइनल में, Olympic 2028 कोटा से एक कदम दूर

Imran Khan की PTI ने टाला इस्लामाबाद मार्च, सुरक्षा पर 1 अरब पाकिस्तानी रुपये खर्च होने का अनुमान