By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 12, 2023
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार आने पर वह राज्य में कांग्रेस सरकार की परियोजनाओं पर काम रोक देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ऐसा नहीं करती है और उसने 13 जिलों में पेयजल और सिंचाई पानी के लिए भाजपा की पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) परियोजना पर काम जारी रखा है। उन्होंने कहा कि बाड़मेर रिफाइनरी परियोजना का काम भी भाजपा सरकार ने रोक दिया था जिससे परियोजना की लागत कई गुणा बढ़ गई। गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईआरसीपी को राष्ट्रीय महत्व की परियोजना घोषित करने का वादा किया था और उन्होंने इसके लिए पीएम को पत्र भी लिखा था लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।