By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 23, 2023
उधार लिया गया धन चुकाने के बाद भी ज्यादा ब्याज के लिए एक व्यक्ति से मारपीट के आरोप में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे प्रिंस बलियान (30) अपने दोस्त संदीप के साथ घर के बाहर खड़े थे, तभी छह लोग मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे और उन्हें लोहे की छड़ों और लकड़ी के डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
उन्होंने बताया कि पिटाई से बलियान को गंभीर चोटें आईं और कोहनी की हड्डी टूट गयी। पिटाई की घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। घायल बलियान को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। बलियान एक करीबी सहयोगी ने पुलिस को बताया कि बलियान रोजाना कर्ज का ब्याज चुका रहे थे।
उन्होंने बताया कि कर्जदाता समूह जरूरतमंद व्यक्तियों को 3,000 रुपये देता है और उनसे ब्याज के साथ 10,000 रुपये वसूलता है। उन्होंने बताया कि बलियान ने 3,000 रुपये से अधिक का भुगतान किया था, लेकिन समूह और अधिक धन की मांग कर रहा था।
लोनी बॉर्डर थाना के प्रभारी राम सेवक ने शुक्रवार को बताया कि मामले में मनीष पांचाल, अर्पित जाट, भरत यादव, अंकित तोमर उर्फ केला और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित की गई हैं।