By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 19, 2025
पणजी पुलिस ने यहां कारानजलेम में सामाजिक कार्यकर्ता रामा काणकोणकर पर हुए क्रूर हमले के बाद बृहस्पतिवार दोपहर को पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। यहां एक वरिष्ठ अधिकारी ने देर रात यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (उत्तर) राहुल गुप्ता ने बताया कि एक संदिग्ध अब भी फरार है। काणकोणकर ने पुलिस को बताया कि बच्चों के पार्क के पास हमलावरों ने उन्हें घूंसे मारे, उनकी पिटाई की, उनके चेहरे पर गोबर पोत दिया और उन्हें सड़क पर फेंक दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि चाकू और बंदूक के साथ पहुंचे गिरोह ने उन्हें धमकाते हुए कहा, ‘‘क्या तुम गोवा के रक्षक बनना चाहते हो? चलो हम तुम्हें दिखाते हैं।’’ पुलिस अधीक्षक (एसपी) गुप्ता ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर काणकोणकर और उनके साथ मौजूद क्यूपेम निवासी सोइरू वेलिप को जान से मारने की धमकी दी। वेलिप ने शिकायत दर्ज कराई है।
तटीय राज्य में अक्सर पर्यावरण संबंधी मुद्दे उठाते रहने वाले काणकोणकर पर हमले के असल कारणों का तत्काल पता नहीं लग पाया। उपनिरीक्षक नितिन नाइक के नेतृत्व में पुलिस के एक दल ने सेंट क्रूज निवासी एंथनी नादर (31) और फ्रांसिस नादर (28) को गोवा-महाराष्ट्र सीमा पर डोडामार्ग बस स्टैंड के पास रेस्तरां से पकड़ा।
निरीक्षक विजय चोडनकर के नेतृत्व वाली टीम ने शाम को सुरेश नाइक (31), मिंगुएल अराउजो (24) और मनीष हडफडकर (24) को मडगांव रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार कर लिया। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कार्यकर्ता पर हमले की कड़ी निंदा की और कहा कि राज्य में ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।