By रितिका कमठान | Sep 09, 2024
एलन मस्क के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आने वाली है। एलन मस्क टेस्ला, एक्स, स्पेस एक्स के मालिक हैं, जिनके पास बेशुमार संपत्ति है। एलन मस्क को लेकर बड़ी जानकारी मिली है। इसके अनुसार एलन मस्क 2027 तक दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने की राह पर हैं। इन्फॉर्मा कनेक्ट एकेडमी की रिपोर्ट में ये खुलासा हुआ है। रिपोस्ट में ये भी जानकारी मिली है कि उनकी संपत्ति औसतन 110% वार्षिक दर से बढ़ रही है।
भावी खरबपतियों की संभावित सूची में ये हैं अन्य लोग
रिपोर्ट के अनुसार, गौतम अडानी ट्रिलियनेयर का दर्जा हासिल करने वाले मस्क के बाद दूसरे व्यक्ति बन सकते हैं, साथ ही यह भी कहा गया है कि यह 2028 में हो सकता है, यदि उनकी वार्षिक संपत्ति वृद्धि दर 123% रही। अडानी के बाद एनवीडिया के जेन्सेन हुआंग और इंडोनेशियाई ऊर्जा और खनन दिग्गज प्राजोगो पंगेस्टू उन लोगों की सूची में हैं जो 2028 तक खरबपति बन सकते हैं, बशर्ते उनकी विकास दर इसी तरह जारी रहे।
एलएमवीएच के बर्नार्ड अर्नाल्ट, जो 181 बिलियन डॉलर की कुल संपत्ति के साथ दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं, वे मेटा के मार्क जुकरबर्ग की तरह 2030 तक ट्रिलियनेयर बन सकते हैं। दुनिया का पहला खरबपति कौन बनेगा, यह प्रश्न हमेशा से लोगों को आकर्षित करता रहा है, जब से 1916 में स्टैंडर्ड ऑयल के जॉन डी. रॉकफेलर दुनिया के पहले अरबपति बने थे।