By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 12, 2018
नयी दिल्ली/ग्रेटर नोएडा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज के युवाओं को रोजगार सृजक बनना चाहिए और अलग हटकर सोचना चाहिए। सरकार उन्हें स्टार्ट अप स्थापित करने में मदद देने की इच्छुक है। उन्होंने कहा कि धैर्य यूं तो एक गुण हैं लेकिन यह युवाओं के अभिनव विचारों के आड़े नहीं आना चाहिए जो देश और समाज के लिए लाभदायक है। प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये ग्रेटर नोएडा के गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित 22वें राष्ट्रीय युवा उत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हर किसी को शुरूआत अकेले ही करनी होती है और अगर व्यक्ति अपने चुने गए पथ को लेकर दृढ़ है तो अन्य लोग भी उसके साथ आ जाते हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भगवान राम और अन्य धार्मिक नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने लोगों के कल्याण का मार्ग चुना तब वे सभी युवा थे। उन्होंने कहा, ‘‘ यह आवश्यक नहीं है कि एक व्यक्ति का जीवन कितना लंबा है। वह जीवन कैसे जीता है और समाज को कैसे लाभ पहुंचाता है, यह आवश्यक है। युवा देश की ऊर्जा के प्रतीक हैं।’’ इस अवसर पर गौतमबुद्ध नगर के सांसद महेश शर्मा भी मौजूद थे।