सरकार को अपने मंत्रियों व विपक्ष के नेताओं पर ही विश्वास नहीं, किया स्पाइवेयर का इस्तेमाल: कांग्रेस

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 03, 2022

नयी दिल्ली। राज्यसभा में बृहस्पतिवार को कांग्रेस के रिपुन बोरा ने आरोप लगाया कि ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’’ का नारा देने वाली सरकार को अपने मंत्रियों, न्यायाधीशों और विपक्ष के नेताओं पर ही भरोसा नहीं है इसीलिए उन पर नजर रखने के लिए पेगासस स्पाइवेयर का उपयोग किया गया। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह कह कर देश को ‘‘गुमराह’’ किया कि स्पाइवेयर का इस्तेमाल नहीं किया गया है। उच्च सदन में राष्ट्रपति अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए बोरा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’’ की बात करती है। उन्होंने कहा ‘‘आपका (सरकार का) विश्वास आपके मंत्रियों, न्यायाधीशों और विपक्ष के नेताओं पर नहीं है।....इसीलिए आपने विदेश से स्पाइवेयर मंगाया....पेगासस मंगवाया और लगा दिया।’’ कांग्रेस सदस्य ने दावा किया कि इस कारण आज विश्व भर में भारत की ‘‘बदनामी’’ हुई है। बोरा ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने यह कह कर देश को गुमराह किया कि इसका (स्पाइवेयर का) इस्तेमाल नहीं किया गया।’’ उन्होंने कहा कि न्यूयार्क टाइम्स की रिपोर्ट से सारी सच्चाई सामने आ गयी है। कांग्रेस सदस्य ने कहा कि मोदी सरकार ने शासन में आने के बाद एक भी सार्वजनिक उद्यम स्थापित नहीं किया किंतु 23 पीएसयू का विनिवेश कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की सरकार ने 33 पीएसयू का निर्माण किया, कोई भी निजीकरण नहीं किया। उन्होंने कहा कि लालबहादुर शास्त्री सरकार ने पांच पीएसयू बनाया लेकिन कोई निजीकरण नहीं किया। 

इसे भी पढ़ें: तृणमूल कांग्रेस और द्रमुक ने बेरोजगारी, संघीय व्यवस्था को ठेस पहुंचाने को लेकर सरकार को घेरा

उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी सरकार ने 66 पीएसयू बनाएं लेकिन कोई निजीकरण नहीं किया, मोरारजी देसाई सरकार ने नौ पीएसयू, राजीव गांधी सरकार ने 16 पीएसयू बनाएं वहीं वीपी सिंह सरकार ने दो पीयूसी बनाएं, पीवी नरसिंह राव सरकार ने 14 पीएसयू तथा एच डी देवगौड़ा सरकार और आई के गुजराल सरकारों के शासनकाल में तीन पीएसयू बनाए गये और किसी ने भी निजीकरण नहीं किया। बोरा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने 17 पीएसयू बनाएं और सात का निजीकरण किया। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह सरकार ने 23 पीएसयू बनाएं और सिर्फ तीन का निजीकरण किया। उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे विश्व गुरु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 सालों में एक भी पीएसयू का निर्माण नहीं किया और 23 का निजीकरण किया। .. यह है कि हमने 70 सालों में क्या किया और आपने 8 साल में क्या किया।’’ उन्होंने महिला सशक्तिकरण की चर्चा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो के अनुसार, 2019 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के तीन लाख 80 हजार से अधिक मामले दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि 2020 में ऐसे अपराधों की संख्या तीन लाख 57 हजार रही। बोरा ने प्रश्न किया कि यदि हमारी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं तो महिला सशक्तिकरण का क्या अर्थ है? उन्होंने कहा कि ‘‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’’ नारे का ऐसे में कोई मतलब नहीं रह जाता जब 2019 में 14 से 18 साल की 9,613 बच्चियों ने आत्महत्या की जिनकी संख्या 2021 में 11,396 हो गयी। 

प्रमुख खबरें

आम आदमी को लगेगा बड़ा झटका! Petrol-Diesel Price में ₹28 तक की बढ़ोतरी के बने आसार

Liverpool फैंस को मिली बड़ी राहत, Mohamed Salah की Injury पर आया अपडेट, जल्द लौटेंगे मैदान पर

Thomas Cup में भारत का धमाल, Chinese Taipei को 3-0 से रौंदकर Semi-Final में बनाई जगह।

India-Bangladesh रिश्तों में तल्खी! असम CM के बयान पर Dhaka ने जताई कड़ी आपत्ति, भेजा समन।