गुजरात विधानसभा चुनाव: दूसरे चरण में 93 सीट पर 61 प्रतिशत पड़े वोट

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 06, 2022

गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 93 सीट के लिए सोमवार को औसतन 60.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। इन निर्वाचन क्षेत्रों में 2017 के चुनाव में करीब 70 प्रतिशत मतदान हुआ था। गुजरात की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) पी भारती ने कहा कि हिंसा की कुछ घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। दूसरे व अंतिम चरण के चुनाव में राज्य के उत्तरी और मध्य क्षेत्र के 14 जिलों की 93 सीट पर मतदान हुआ, जहां मुकाबले में 833 उम्मीदवार हैं।

गुजरात में पांच साल पहले हुए विधानसभा चुनाव में 68.41 प्रतिशत मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग ने कहा कि साबरकांठा जिले में सबसे अधिक 68.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बनासकांठा में 65.65 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, महिसागर में 54.26 प्रतिशत और अहमदाबाद जिले में 55.21 प्रतिशत हुआ। वडोदरा में 63.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि दाहोद जिले की फतेपुरा सीट और गांधीनगर जिले की कलोल सीट पर विभिन्न गुटों के बीच झड़प हो गई।

उन्होंने कहा कि पंचमहल जिले में कांग्रेस उम्मीदवार प्रभातसिंह चौहान के एक वाहन में तोड़फोड़ की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी और राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुखराम राठवा समेत अन्य ने 182 सदस्यीय विधानसभा के दूसरे और अंतिम चरण में मतदान किया। दूसरे चरण में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और 285 निर्दलीय प्रत्याशियों समेत 832 अन्य उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद शहर के रानिप क्षेत्र के निशान हाई स्कूल में एक मतदान केंद्र पर सुबह अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। प्रधानमंत्री की सौ वर्षीय मां हीराबा मोदी ने भी गांधीनगर जिले के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद शहर के नारनपुरा इलाके में एक नगरपालिका केंद्र में अपना वोट डाला।

इसे भी पढ़ें: बिहार विधानसभा की कुढनी सीट पर उपचुनाव में 58 प्रतिशत मतदान, भाजपा और जदयू ने ठोका जीत का दावा

आप’ की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार गढ़वी ने यहां घुमा इलाके के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। वह देवभूमि द्वारका जिले की खंभालिया सीट से आप के उम्मीदवार हैं, जहां एक दिसंबर को पहले चरण में मतदान हुआ था। दूसरे चरण के चुनाव में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के अलावा भाजपा नेता हार्दिक पटेल और अल्पेश ठाकोर तथा कांगेस नेता जिग्नेश मेवाणी भी उम्मीदवार हैं।

प्रमुख खबरें

T20I में 50 छक्के जड़कर Ishan Kishan बने तीसरे खिलाड़ी, Suryakumar Yadav की सूची में एंट्री

Delhi में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, Metro स्टेशन बंद होने पर Supreme Court ने जताई चिंता

Sanju Samson के 82 रन से भारत ने West Indies के खिलाफ बनाया 249 रन का रिकॉर्ड स्कोर

Shanghai Masters से Novak Djokovic बाहर, Ben Shelton और Hubert Hurkacz जीते