Prabhasakshi NewsRoom: Vijay Rupani जिस नंबर (1206) को जिंदगी भर अपने लिए लकी नंबर मानते रहे उसी तारीख को उनकी दर्दनाक मौत हो गई

By नीरज कुमार दुबे | Jun 13, 2025

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के लिए 1206 जिंदगी भर लकी नंबर की तरह रहा। लेकिन 12 तारीख और छठे महीने को उनकी दर्दनाक मौत के चलते यह नंबर उनके लिए दुर्भाग्य का प्रतीक बन गया। हम आपको बता दें कि विजय रूपाणी 1206 नंबर के प्रति गहरी आस्था रखते थे। उनके सभी वाहनों– स्कूटर से लेकर कार तक की नंबर प्लेट पर 1206 अंक होता था। उनके मित्र कहते हैं कि यह हमेशा उनका लकी चार्म रहा है। लेकिन किस्मत ने उनके साथ इसी नंबर के जरिये क्रूर खेल खेल दिया। 12 जून, यानी 12/06 को उनकी जीवन यात्रा समाप्त हो गई।

उधर राजकोट शहर में मातम पसरा हुआ है क्योंकि रूपाणी ने लंबे समय तक जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की सेवा की थी। विजय रूपाणी सिर्फ एक राजनेता नहीं थे बल्कि वह सहज सुलभ रहने वाले नेता, एक अच्छे पड़ोसी और सभी की मदद करने वाले इंसान थे। उनके करीब रहे लोग उनकी विनम्रता को याद करके भावुक हो जा रहे हैं। उनके पड़ोसियों का कहना है कि वह नेता नहीं थे, हमारे लिए तो वह विजयभाई थे, हमारे पड़ोसी, हमारे दोस्त।" 

उनके भतीजे मेहुल रूपाणी ने कहा, "चाचा की दुखद मृत्यु की खबर से परिवार टूट गया है। अंजलि आंटी (रूपाणी की पत्नी) और उनकी बेटी लंदन से लौट आई हैं और अन्य रिश्तेदार भी अमेरिका से आ रहे हैं। हम सरकारी प्रक्रिया के अनुसार उनके पार्थिव शरीर को लाने की व्यवस्था करेंगे। पूरा परिवार स्तब्ध है।" उधर, रूपाणी के निजी सहायक शैलेश मंडालिया ने बताया, "मैंने उन्हें एयरपोर्ट पर छोड़ा था। कुछ ही मिनट बाद यह खबर सुनने को मिली।" हम आपको बता दें कि विजय रूपाणी का जन्म 2 अगस्त, 1956 को म्यांमार (तब रंगून) में एक जैन परिवार में हुआ था। वह सात भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। उनका परिवार म्यांमार में राजनीतिक अस्थिरता के चलते 1960 में राजकोट आ गया था। विजय रूपाणी राज्यसभा के सदस्य, गुजरात विधानसभा के सदस्य और राज्य के दो बार मुख्यमंत्री रहे थे।

हम आपको बता दें कि भाजपा नेता विजय रूपाणी की पत्नी अंजलि रूपाणी गुजरात के गांधीनगर स्थित अपने आवास पर पहुंची गयी हैं। गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी उन्हें लेने के लिए अहमदाबाद एअरपोर्ट पर पहुंचे थे।

प्रमुख खबरें

Nagaland के Kiphire में दो गुटों के बीच झड़प, गोलीबारी में 1 की मौत और कई घर खाक

Dhruv Rathee का आरोप, घर से सादे कपड़ों में आए लोगों ने किया अगवा

Shardiya Navratri 2026 पर बन रहे दुर्लभ योग, इन 4 राशियों का चमकेगा करियर और धन लाभ होगा

भारत में स्टारलिंक की शुरुआत में देरी से नाराज हैं Elon Musk, अंबानी पर फिर किया हमला