By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 24, 2026
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी गुरप्रीत कौर ने दुष्कर्म का एक मामला दबाने के लिए पांच करोड़ रुपये मांगने के आरोपों को खारिज कर दिया है और आरोप लगाने वालों को चुनौती दी है कि वे या तो इसे साबित करें या कानूनी कार्रवाई का सामना करें। पटियाला में रविवार को तीज के एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए गुरप्रीत कौर ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि वह ऐसे आरोपों से डरती नहीं हैं और उनका सामना करने के लिए तैयार हैं। इन आरोपों पर अपनी पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया में उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि बेबुनियाद आरोप लगाना आसान है।
यह घटनाक्रम उस समय सामने आया है जब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने एक शिकायत के आधार पर पंजाब सरकार और राज्य के पुलिस प्रमुख को नोटिस जारी किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मुख्यमंत्री की पत्नी ने दुष्कर्म के एक मामले को दबाने के लिए पांच करोड़ रुपये की मांग की थी।