By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 19, 2026
हरियाणा में गुरुग्राम के सेक्टर 113 स्थित एक निर्माण स्थल की 19वीं मंजिल से गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद मजदूरों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिन्होंने कथित तौर पर कंपनी के अधिकारियों के साथ मारपीट की और मौके पर पहुंचे ‘पुलिस आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन’ (ईआरवी) के सामने का शीशा तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर निर्माण स्थल पर काम चल रहा था, तभी 19वीं मंजिल पर काम कर रहे दो मजदूर नीचे गिर गए। दिलखुश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वासुदेव अस्पताल में उपचाराधीन है। कंपनी के अधिकारियों ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि हादसा मजदूरों के फिसलने के कारण हुआ।
हालांकि, मजदूरों ने आरोप लगाया कि स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी और ऊंचाई पर काम करने वालों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण नहीं दिए गए थे। घटना के बाद मजदूरों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए मौके पर पहुंचे कंपनी अधिकारियों को कथित तौर पर घेर लिया और उनसे मारपीट की। पुलिस ने बताया कि अधिकारी मौके से भाग गए।
इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर मजदूरों को शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। बजघेड़ा थाने के एसएचओ सुनील कुमार ने कहा, ‘‘हमने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। यह केवल एक दुर्घटना थी और इस संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष से कोई शिकायत नहीं मिली है।
हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि घटना के समय साइट पर मजदूरों के लिए क्या सुरक्षा उपाय किए गए थे और क्या इसमें कोई लापरवाही शामिल थी।