ग्वालियर TMZ के लिए 24 कंपनियों ने दिए ₹5500 करोड़ के निवेश प्रस्ताव: Jyotiraditya Scindia

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 20, 2026

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (टीएमजेड) के लिए चिह्नित भूमि का निरीक्षण करने के दौरान कहा कि अब तक 24 कंपनियों ने 5,500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं, जिससे करीब 18,000 रोजगार के अवसर सृजित होंगे। श्रीमंत माधवराव सिंधिया काउंटर मैग्नेट सिटी (एसएडीए) में प्रस्तावित टीएमजेड के लिए चिह्नित भूमि का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने कहा कि ग्वालियर अब देश में दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र के एक बड़े केंद्र के रूप में उभरने जा रहा है। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री सिंधिया ने एक बयान में कहा कि ग्वालियर में स्थापित होने वाला यह एशिया का पहला दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र होगा।

इसके बाद अगस्त में सिंधिया और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में दिल्ली और मुंबई में निवेशक सम्मेलन आयोजित किए गए। बयान में कहा गया कि दिल्ली में आयोजित सम्मेलन में कंपनियों की ओर से करीब 3,500 करोड़ रुपये और मुंबई में 2,000 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता सामने आई थी। इन निवेशों से 18,000 रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

सिंधिया ने यह भी स्पष्ट किया कि निवेश की घोषणाएं केवल मौखिक प्रतिबद्धताएं नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘निवेश में रुचि दिखाने वाली कंपनियों से भूमि आवंटन के समय ही आवेदन प्रक्रिया में शामिल होने को कहा गया था। परिणामस्वरूप, 24 कंपनियों ने टीएमजेड के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।’’ केंद्रीय मंत्री ने इस परियोजना के लिए मध्यप्रदेश सरकार की ओर से दिए जा रहे विशेष प्रोत्साहनों की सराहना करते हुए कहा कि आज ग्वालियर की सबसे बड़ी ताकत संपर्क, बुनियादी ढांचा और कुशल मानव संसाधन है।

उन्होंने कहा, ‘‘ग्वालियर को दिल्ली और उत्तर भारत के बड़े बाजारों से जोड़ने के लिए करीब 120 किलोमीटर लंबा आगरा-ग्वालियर उच्च गति गलियारा विकसित हो रहा है। यह संपर्क ग्वालियर को बड़े औद्योगिक और व्यापारिक केंद्रों के और करीब लाएगा।’’ सिंधिया ने कहा कि केंद्र सरकार, मध्यप्रदेश सरकार और संबंधित विभागों की पूरी टीम निवेशकों को ग्वालियर में उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। उन्होंने घोषणा की कि वह 22 सितंबर को बेंगलुरु जाएंगे और वहां दूरसंचार क्षेत्र के निवेशकों के साथ निवेशक सम्मेलन करेंगे।

प्रमुख खबरें

केरल University में छात्र राजनीति पर रोक लगाने का कोई फैसला नहीं: मंत्री Roji John

IIT Bombay छात्र आत्महत्या मामले में आरोपी प्रोफेसर को Crime Branch कर सकती है तलब

Nepal Flood: भीषण बाढ़ के चार हफ्ते बाद भी करीब 6000 लोग लापता, मलबे में तलाश जारी

मणिपुर के Kangpokpi में 7 ग्रामीणों को हिरासत में लेने पर बवाल, रिहाई के बाद शांत हुआ प्रदर्शन