हार्दिक पंड्या ने दिलायी मुंबई इंडियन्स को बेंगलोर पर आसान जीत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 16, 2019

मुंबई। हार्दिक पंड्या की आखिरी क्षणों में अपनी ‘क्लीन हिटिंग’ का शानदार नजारा पेश करके मुंबई इंडियन्स को सोमवार को यहां रायल चैलेंजर्स बेंगलोर पर पांच विकेट से जीत दिलायी। इस हार के साथ बेंगलोर की प्लेआफ में पहुंचने की संभावना लगभग समाप्त हो गयी। हार्दिक ने 16 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 37 रन बनाये जिससे मुंबई ने 172 रन का लक्ष्य 19 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर दिया। हार्दिक से पहले क्विटंन डिकाक (26 गेंदों पर 40 रन, 5x4, 6x2) और रोहित शर्मा (19 गेंदों पर 28 रन, 4x2, 6x2) ने पहले विकेट के लिये 70 रन जोड़े जबकि सूर्यकुमार यादव ने 29 रन का योगदान दिया। बेंगलोर ने एबी डिविलियर्स और मोईन अली के अर्धशतकों की मदद से सात विकेट पर 171 रन बनाये थे। डिविलियर्स (51 गेंदों पर 75 रन, 4x6, 6x4) और मोईन (32 गेंदों पर 50 रन, 4x1, 6x5) ने तीसरे विकेट के लिये 95 रन की साझेदारी की। मुंबई की तरफ से लेसिथ मलिंगा ने 31 रन देकर चार विकेट लिये। मुंबई की यह आठ मैचों में पांचवीं जीत है और वह दस अंक के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। बेंगलोर की आठ मैचों में सातवीं हार है और उसकी प्लेआफ में पहुंचने की संभावनाएं क्षीण पड़ गयी हैं।

इसे भी पढ़ें: CWC 2019: टीम इंडिया का हुआ ऐलान, BCCI ने शंकर-कार्तिक पर खेला दांव

इससे पहले मुंबई ने शुरू में कसी हुई गेंदबाजी की। पहले चार ओवर में केवल 21 रन बने और इस बीच जेसन बेहरनडोर्फ ने कप्तान विराट कोहली (आठ) को विकेट के पीछे कैच कराकर बेंगलोर को करारा झटका दिया। पार्थिव पटेल (20 गेंदों पर 28) ने बेहरनडोर्फ के अगले ओवर में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 19 रन बटोरे जिससे पावरप्ले तक स्कोर 45 रन की सम्मानजनक स्थिति तक पहुंच पाया। पार्थिव की आक्रामकता एक ओवर तक ही सीमित रही और हार्दिक पंड्या ने धीमी गेंद पर ललचाकर उन्हें हवा में गेंद लहराकर कैच देने के लिये मजबूर किया। डिविलियर्स और मोईन ने यहां से जिम्मेदारी संभाली। डिविलियर्स ने शुरू में विकेट बचाये रखने को तरजीह दी और केवल ढीली गेंदों का इंतजार किया लेकिन दूसरे छोर से मोईन ने लंबे शाट जमाने के अपने कौशल का शानदार नमूना पेश किया। मोईन ने राहुल चहर और हार्दिक की गेंदों को छह रन के लिये लहराने के बाद बेहरनडोर्फ के एक ओवर में दो छक्के जड़े। डिविलियर्स ने जहां 41 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया वहीं मोईन ने इसके लिये केवल 31 गेंदें खेली। इसके तुरंत बाद हालांकि उन्होंने मलिंगा की गेंद पर सीमा रेखा पर कैच थमा दिया। मलिंगा ने इसी ओवर में नये बल्लेबाज मार्कस स्टोइनिस (शून्य) को भी पवेलियन भेजा। इसके बाद डिविलियर्स ने बुमराह की सम्मानजनक गेंदों को भी सीमा रेखा के दर्शन कराये। इस गेंदबाज की तेजी से उठती गेंद उनके हेलमेट से लगी लेकिन इससे डिविलियर्स विचलित नहीं हुए। मलिंगा की गेंद पर आकर्षक छक्का जमाने के बाद वह तेजी से रन चुराने के प्रयास में रन आउट हो गये। मलिंगा ने अंतिम चार गेंदों पर दो रन दिये और दो विकेट लिये।

प्रमुख खबरें

India- Bangladesh Relations में दरार! बांग्लादेश ने भारत के स्पष्टीकरण को नकारा, PM के सलाहकार को रोकने पर जताई कड़ी नाराज़गी

Passport, Aadhar, PAN, Voter Card अगर Indian Citizenship का सबूत नहीं हैं तो क्या है भारतीय नागरिकता का प्रमाण?

Fake Emergency Chapter Controversy | सावधान! सोशल मीडिया पर घूम रही है NCERT की नकली किताब, काउंसिल लेगी कानूनी एक्शन

Venezuela Earthquakes | 32 की मौत- 700 से ज्यादा घायल, पीएम मोदी ने जताया गहरा शोक, बोले- संकट में हर संभव मदद को तैयार है भारत