Harish Rawat ने मंत्री रेखा आर्य की 210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति पर उठाए सवाल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने बृहस्पतिवार को उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य पर हमला तेज करते हुए उनसे 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति जुटाने के मामले में जवाब मांगा। उन्होंने दावा किया कि आर्य के पति इस बारे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पहले ही बता चुके हैं, लेकिन मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने दावा किया कि उनके पास 210 करोड़ रुपये के आंकड़े से कहीं अधिक की जानकारी है।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार में हमारे भी सूत्र हैं।’’ उन्होंने बताया कि वह इस मामले में राज्यपाल से भी मिल चुके हैं। रावत ने कहा, ‘‘मैंने जीवन में व्यक्तिगत तौर पर कभी किसी की आलोचना नहीं की। लेकिन, मंत्री एक संवैधानिक संस्था होता है।

210 करोड़ रुपये कोई सामान्य राशि नहीं है। मैं समझता हूं कि उत्तराखंड के किसी भी राजनेता के पास यदि 40-50 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है तो लोगों को सवाल करने का हक है। यहां तो 210 करोड़ रुपये की संपत्ति है।’’ वर्ष 2016 के स्टिंग ऑपरेशन का मुद्दा उठाने पर भाजपा सरकार को जवाब देते हुए रावत ने कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) स्टिंग की बात बार-बार करती है, क्योंकि मेरे स्टिंग के सहारे ही भाजपा कई बार चुनावी वैतरणी पार करने की कोशिश कर चुकी है।

अब लोग स्टिंग की हकीकत समझ गए हैं। यदि मेरे उस स्टिंग में कहीं 210 करोड़ रुपये शामिल हैं, तो फिर मेरी जगह जेल के अंदर होनी चाहिए। मैं खुलेआम कह रहा हूं कि मेरे पास मेरे सार्वजनिक जीवन की लंबाई-चौड़ाई के अनुपात से अधिक संपत्ति है तो मुझे दंडित किया जाना चाहिए।’’ यह स्टिंग वीडियो 2016 में उस समय सामने आया था, जब कांग्रेस के नौ विधायकों ने तत्कालीन मुख्यमंत्री रावत के खिलाफ बगावत कर दी थी, जिससे उनकी सरकार लगभग अल्पमत में आ गई थी।

बाद में ये विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे। इस वीडियो को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था, क्योंकि इसमें कथित तौर पर रावत को पार्टी के नाराज विधायकों का समर्थन वापस पाने के लिए सौदा करते हुए दिखाया गया था। अपनी पोस्ट में रावत ने कहा कि आर्य के पास 210 करोड़ रुपये की संपत्ति होने की बात उनके पति कह रहे हैं, जिनके साथ उन्होंने विवाह के समय अग्नि के समक्ष फेरे लिए थे।

रावत ने कहा कि आर्य के पति की संपत्ति का ब्योरा भी धीरे-धीरे खोजी पत्रकारिता करने वाले समाचार पत्रों के माध्यम से सामने आ रहा है। पिछले महीने आर्य के पति साहू ने उन पर 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया था। साहू ने अपने खिलाफ आर्य द्वारा लगाए गए मारपीट, धोखाधड़ी और जान से मारने की साजिश रचने के आरोपों की भी जांच की मांग की थी।

एक वीडियो में साहू ने मुख्यमंत्री धामी से आर्य के कथित भ्रष्टाचार की जांच किसी उपयुक्त एजेंसी से कराने का आग्रह भी किया था। हालांकि, अपने आरोपों के समर्थन में उन्होंने कोई दस्तावेजी सबूत पेश नहीं किया था। रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि मंत्री के पति के इस बयान के बाद उनकी चुप्पी और अधिक खटकने लगी है कि उन्होंने मुख्यमंत्री को विभाग में हो रहे भ्रष्टाचार के बारे में पहले ही बता दिया था।

कांग्रेस नेता ने अपना हमला जारी रखते हुए कहा, ‘‘हल्द्वानी-बरेली रोड पर आलीशान फार्म हाउस और उसमें विशाल कोठी है, जिसका गेस्ट हाउस मुख्यमंत्री आवास से तुलना करता है। यह किसके नाम पर है? इसका मालिक कौन है और इसे बनाने के लिए संपत्ति कहां से जुटाई गई?

ये सवाल लोगों की जिज्ञासा और चिंता का कारण होने चाहिए।’’ उन्होंने दावा किया कि बरेली-शाहजहांपुर मार्ग पर भी कुछ टाउनशिप बनने की खबरें आ रही हैं, जबकि देहरादून में भी एक आलीशान कोठी का जिक्र हो रहा है। भाजपा को चेतावनी देते हुए रावत ने कहा, ‘‘अभी तो केवल 210 करोड़ रुपये की बात कही है, लेकिन और भी कुछ बातें हैं, जिन्हें उठाने से मैं परहेज या गुरेज नहीं करूंगा। मैंने 210 करोड़ रुपये को लेकर जो कुछ कहा है, वह एक दर्द है।

यदि भ्रष्टाचार इतना गहराई तक पहुंच गया है कि कोई व्यक्ति अपने छोटे से सार्वजनिक जीवन में 210 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित कर सकता है और उसका कोई ज्ञात व्यवसाय भी नहीं है, तो यह चिंता का विषय है।’’

प्रमुख खबरें

Punjab की 117 विधानसभा सीटों के लिए Draft Electoral Roll जारी, 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां

दरभंगा में Maithili Thakur के पिता पर जमीन कब्जाने का आरोप, गायिका ने बताया झूठा

Delhi Police मुख्यालय पहुंचे Amit Shah, कानून-व्यवस्था पर तीन घंटे चली समीक्षा बैठक

UP Assembly Elections: 23 जांच एजेंसियों को नकदी और शराब की अवैध आवाजाही रोकने के निर्देश