By अंकित सिंह | Oct 03, 2024
हरियाणा में विधानसभा चुनाव के प्रचार के दिन भाजपा को बड़ा झटका लगा है। पूर्व सांसद अशोक तंवर की एक बार फिर से घर वापसी हुई है। राहुल गांधी ने उन्हें कांग्रेस में शमिल कराया। राहुल गांधी ने उन्हें कांग्रेस पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। आपको बता दें कि अशोक तंवर हिसार से लोकसभा सांसद और हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं। पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के साथ राजनीतिक मतभेद के कारण उन्होंने 5 अक्तूबर 2019 को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी 5 अक्टूबर को होने वाले मतदान से पहले चुनाव प्रचार के आखिरी दिन आज नूह में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि हमने कश्मीर से कन्याकुमारी तक यात्रा निकाली और जहां भी बीजेपी ने 'नफ़रत का बाज़ार' खोला, हमने 'मोहब्बत की दुकान' खोलीं। उन्होंने दावा किया कि हम प्यार और एकता की बात करते हैं, वे नफरत फैलाते हैं और देश को तोड़ने की कोशिश करते हैं। राहुल ने दावा किया कि बीजेपी और आरएसएस संविधान को नष्ट कर रहे हैं।