Haryana Elections: कांग्रेस में शामिल हुए विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया, खड़गे बोले- चक दे इंडिया, चक दे हरियाणा

By अंकित सिंह | Sep 06, 2024

हरियाणा में 5 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। रिपोर्टों के अनुसार, बजरंग पुनिया विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे क्योंकि उन्हें आगामी चुनावों के लिए हरियाणा कांग्रेस की अभियान समिति के सह-अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किए जाने की संभावना है। वहीं विनेश फोगाट चुनाव लड़ेंगी। हालांकि उनकी सीट जल्द ही फाइनल हो जाएगी। कांग्रेस में शामिल होने से पहले, फोगाट और पुनिया ने भारतीय रेलवे में अपने पदों से इस्तीफा दे दिया।

इससे पहले दिन में, फोगाट और पुनिया ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से नई दिल्ली में उनके आवास पर मुलाकात की। खड़गे ने एक्स पर लिखा कि चक दे इंडिया, चक दे हरियाणा! दुनिया में भारत का नाम रौशन करने वाले हमारे प्रतिभाशाली चैंपियन विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया से 10 राजाजी मार्ग पर मुलाक़ात। हमें आप दोनों पर गर्व है। दोनों के कांग्रेस में शामिल होते समय पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल, पार्टी नेता पवन खेड़ा, हरियाणा कांग्रेस प्रमुख उदय भान और हरियाणा के एआईसीसी प्रभारी दीपक बाबरिया मंच पर मौजूद रहे।

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर फोगाट और पुनिया के साथ राहुल गांधी की एक तस्वीर साझा की। पूनिया तोक्यो ओलंपिक खेलों के कांस्य पदक विजेता हैं, जबकि फोगाट ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला पहलवान बनीं। हालांकि उन्हें 50 किलोग्राम वर्ग के वजन में लगभग 100 ग्राम वजन अधिक पाए जाने के बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया था। बाद में उन्होंने खेल से संन्यास की घोषणा की। 

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस जॉइन करने से पहले विनेश फोगाट ने छोड़ी रेलवे की नौकरी, कहा- अपने जीवन के इस मोड़ पर...

पूनिया और फोगाट 2023 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्कालीन प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन का हिस्सा थे। हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर 5 अक्टूबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी।

प्रमुख खबरें

MK Stalin ने CM Vijay पर साधा निशाना, SIR विवाद पर चुप्पी पर उठाए सवाल

ओडिशा की सभी Gram Panchayats को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए 44 दिन का विशेष अभियान शुरू

Gandhi Jayanti: दुनिया भर के भारतीय दूतावासों में बापू को दी गई श्रद्धांजलि

SRFTI Kolkata में हिंसक झड़प के बाद पांचवें दिन भी कक्षाएं और शूटिंग ठप