Faridabad में Al-Falah University का प्रशासन अब Haryana सरकार के पास, सुरक्षा बढ़ाई गई

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026

लाल किला विस्फोट के बाद आतंकवाद-रोधी जांच के दौरान कड़ी जांच-पड़ताल के दायरे में आया अल-फलाह विश्वविद्यालय अब कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हरियाणा सरकार के प्रशासनिक नियंत्रण में संचालित हो रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि हालिया प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विश्वविद्यालय की एमबीबीएस की सभी 200 सीटें भर गई हैं। नवंबर 2025 में हुए आत्मघाती बम विस्फोट में 15 लोगों की मौत के बाद जांच एजेंसियों ने विश्वविद्यालय में कार्यरत कुछ डॉक्टरों और कर्मचारियों की कथित संलिप्तता की जांच की थी, जिससे इसके भविष्य पर सवाल उठने लगे थे।

विश्वविद्यालय के संस्थापक-अध्यक्ष जवाद अहमद सिद्दीकी को धन शोधन से जुड़े मामलों में गिरफ्तार किया गया था। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) और राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) ने भी संस्थान के कामकाज की समीक्षा के दौरान ‘‘बड़ी अनियमितताओं’’ को चिह्नित किया था। जांच रिपोर्ट में कई खामियां और वैधानिक प्रावधानों के उल्लंघन सामने आने के बाद राज्य सरकार ने मार्च 2026 में विश्वविद्यालय का प्रबंधन अपने हाथ में ले लिया था।

अब कॉलेज परिसर में एक पुलिस चौकी स्थापित की गई है। मेडिकल कॉलेज से सटी मस्जिद से जुड़े एक मौलवी, जिसे आतंकवाद-रोधी जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था, के परिवार ने भी अपना घर खाली कर दिया है। अधिकारी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में पुलिसकर्मी हर समय तैनात रहते हैं और परिसर में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से लेकर छात्रों तक, परिसर में मौजूद सभी लोगों का सत्यापन भी शुरू कर दिया गया है। हालांकि, उन्होंने बताया कि सरकारी निगरानी में अब शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह सामान्य हो गई हैं। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी अमित कुमार अग्रवाल को 21 मार्च, 2026 को विश्वविद्यालय का प्रशासक नियुक्त किया गया था।

जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, फरीदाबाद के कुलसचिव अजय रंगा को अल-फलाह विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था।

प्रमुख खबरें

Bihar Building Bye-laws 2026: 30 दिन में फैसला नहीं तो नक्शे को डीम्ड मंजूरी

होटल MD बनकर 50 लाख की Cyber Fraud करने वाले दो आरोपी Thane से गिरफ्तार

चालू वित्त वर्ष में 1 लाख करोड़ डॉलर Export का लक्ष्य हासिल करेगा भारत: Piyush Goyal

Red Fort Blast: पहली बरसी पर पीड़ितों ने उचित मुआवजे और सरकारी नौकरी की उठाई मांग