हरियाणा के नतीजे विकास के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता दर्शाते हैं, महायुति बड़ी जीत दर्ज करेगी: Shinde

By Prabhasakshi News Desk | Oct 09, 2024

मुंबई । मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है जो आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में, राज्य में सत्तारूढ़ महायुति को प्रचंड बहुमत दिलाएगी। शिंदे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिये एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों ने वोट हासिल करने के लिए झूठे विमर्श, जातिवाद की राजनीति और झूठे वादों का सहारा लिया, लेकिन बुलबुला फूट गया।’’ शिंदे ने कहा, ‘‘अगर आप कांग्रेस द्वारा 50-60 वर्षों में (जब वह सत्ता में थी) किए गए कार्यों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिछले 10 साल के काम की तुलना करें तो सच्चाई सामने आ जाएगी।’’ 

मुख्यमंत्री ने कहा, “जब महा विकास आघाडी (एमवीए) सत्ता में थी, तो उन्होंने अटल सेतु, समृद्धि राजमार्ग, तटीय सड़क, मेट्रो तीन और आरे कार शेड जैसी प्रमुख परियोजनाओं पर विराम लगा दिया था। जबकि हमने इन परियोजनाओं पर से सभी बाधाओं को दूर कर दिया है।’’ वर्ष 2022 में शिंदे द्वारा तत्कालीन शिवसेना में विद्रोह का नेतृत्व करने, पार्टी को विभाजित करने और मुख्यमंत्री बनने के लिए भाजपा के पाले में जाने के बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार गिर गई। शिंदे गुट को बाद में पार्टी का नाम और उसका चुनाव चिह्न धनुष-बाण मिला। महा विकास आघाड़ी गठबंधन में कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल हैं। शिंदे ने कहा कि कांग्रेस वादे करती है पर बाद में अपनी बात से मुकर जाती है। 

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस लोगों को फंसाती है, उन्हें धोखा देती है और फर्जी विमर्श गढ़ती है। इसीलिए वह हरियाणा में हार गई। इसके विपरीत भाजपा, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विकास के एजेंडे पर ध्यान केंद्रित किया।’’ सत्ता विरोधी लहर को दरकिनार करते हुए सत्तारूढ़ भाजपा ने हरियाणा में जीत की ‘हैट्रिक’ लगाकर सत्ता बरकरार रखी और विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की वापसी की कोशिशों पर विराम लगा दिया। 

हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे मंगलवार को घोषित किए गए। हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के नतीजे मंगलवार को घोषित किए गए। भाजपा ने 48 सीट जीतकर अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि हासिल की। भाजपा को मिली सीटों की संख्या कांग्रेस की संख्या से 11 अधिक है। शिंदे ने कहा कि कांग्रेस, एमवीए और ‘इंडी गठबंधन’ ने लोकसभा चुनावों में फर्जी विमर्श गढ़कर, झूठे वादे करके और जातिवाद का जहर फैलाकर वोट हासिल किए। उन्होंने दावा किया कि इसीलिए लोगों ने उन्हें खारिज करने का मन बना लिया। शिंदे ने पिछले दो वर्षों में अपनी सरकार द्वारा किए गए कार्यों को उजागर करने के लिए ‘लाडकी बहिन योजना’, ‘युवा कार्य प्रशिक्षण योजना’ और ‘किसान बिजली बिल माफी योजना’ सहित विभिन्न योजनाओं को गिनाया।

प्रमुख खबरें

Kolkata Durga Puja Stampede Accident | अचानक बारिश, एग्जिट गेट पर महिलाओं की हिचकिचाहट और अफ़वाह बनीं 19 मौतों की मुख्य वजह

29 अक्टूबर का इतिहास: दिल्ली में 2005 के सिलसिलेवार बम धमाकों समेत देश दुनिया की प्रमुख घटनाएं

Cuba पर अमेरिकी प्रतिबंधों के खिलाफ UNGA प्रस्ताव का भारत ने किया समर्थन

पति की हिदायत बनी जान की दुश्मन: जब शादी बचाने की कोशिश में सो रहे सीनियर अकाउंटेंट पर टूटा पत्नी और प्रेमी का कहर!