चांदनी चौक की गोल्डन हवेली का हुआ कायाकल्प, जी20 सम्मेलनों के दौरान विदेशी मेहमानों की होगी खातिरदारी

By गौतम मोरारका | Mar 10, 2023

भारत की अध्यक्षता में जी20 देशों की कई बैठकें देश के विभिन्न भागों में चल रही हैं। दिल्ली में भी हाल ही में जी20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक संपन्न हुई। इसके अलावा भी राष्ट्रीय राजधानी में जी20 की कई और बैठकें होनी हैं जिसके लिए दिल्ली को तैयार किया जा रहा है। दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती इमारतों का भी जीर्णोद्धार किया जा रहा है ताकि विदेशी मेहमानों को देश का समृद्ध इतिहास दर्शाया जा सके। इसी कड़ी में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में ‘गोल्डन हवेली’ का उद्घाटन किया जोकि भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को प्रदर्शित करती है। हम आपको बता दें कि इस हवेली का कायाकल्प भाजपा नेता विजय गोयल द्वारा कराया गया है। जी20 सम्मेलनों के दौरान जब विदेशी मेहमान दिल्ली आएंगे तब इस हवेली में भी उनकी खातिरदारी की जायेगी। इस दृष्टि से भी इस हवेली में सभी सुविधाओं का सृजन और उन्नयन किया गया है।

इसे भी पढ़ें: G20 Summit 2023 | विश्व कई संकटों से जूझ रहा है, हम सभी को एक मत होकर समाधान निकालना होगा, एस जयशंकर ने दुनिया से किया अनुरोध

उद्घाटन के दौरान अपने संबोधन में विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि भारत के जी20 अध्यक्षता वर्ष में देश ‘‘विश्व को तैयार’’ कर रहा है और विश्व ‘‘भारत को तैयार’’ कर रहा है। जयशंकर ने कहा कि इस खूबसूरत विविधता वाले देश के प्रत्येक नागरिक को अपनी विरासत और संरक्षण पर गर्व होना चाहिये। उन्होंने कहा, ‘‘आज हम सभी अपनी संस्कृति एवं विरासत को समर्पण के साथ आगे बढ़ाने और संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ जयशंकर ने कहा, ‘‘पर्यटन आज दुनिया में सबसे लाभकारी और सबसे अधिक रोजगार पैदा करने वाला उद्योग है। हमारी सरकार पर्यटन, रोजगार, संस्कृति और विरासत पर ध्यान केंद्रित कर रही है।’’ उन्होंने उम्मीद जताई कि जब जी20 सम्मेलनों के दौरान विदेशी मेहमान यहां आयेंगे तो भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासतों को देखकर उन्हें भी जानने समझने को बहुत कुछ मिलेगा।

दूसरी ओर, इस दौरान विजय गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि ‘गोल्डन हवेली’ का जीर्णोद्धार करने में चार साल लग गए। उन्होंने बताया कि हवेली के संरक्षण कार्य के दौरान सबसे बड़ी चुनौती इसके मूल स्वरूप को बरकरार रखना था, क्योंकि हवेली अपने अधिक वजन के कारण नीचे झुक रही थी। हम आपको बता दें कि विजय गोयल ‘हेरिटेज इंडिया फाउंडेशन’ के अध्यक्ष भी हैं। गोयल ने कहा, ‘‘यह हवेली प्रसिद्ध जौहरी बाजार दरीबा और किनारी बाजार के करीब है। यदि आप हवेली की छत पर जाते हैं, तो आप जामा मस्जिद, लाल किला, गौरीशंकर मंदिर, जैन मंदिर और गुरुद्वारा शीशगंज देख सकते हैं।’’ हम आपको यह भी बता दें कि इस दौरान कई विदेशी मेहमान भी उपस्थित थे जोकि हवेली को देखकर हतप्रभ रह गये।

-गौतम मोरारका

प्रमुख खबरें

Summer Skincare Tips: चेहरे पर Ice Cube लगाना सही या गलत? Experts से जानें फायदे और नुकसान

ICC T20 World Cup: Shafali Verma का बड़ा बयान, ऑस्ट्रेलिया को हराने का भरोसा, Semifinal पर नजर

Rajnath Singh का बयान अफवाहों का था जवाब, Operation Sindoor पर भ्रम फैलाने वालों को MoD ने दिया करारा जवाब

China के 109 मंजिला बुर्ज खलीफा से टकराया विमान, उड़ गए परखच्चे, Video