HD Fire Protect की बाजार में मजबूत शुरुआत, निर्गम मूल्य से 13 फीसदी ऊपर बंद हुआ शेयर

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 21, 2026

अग्नि सुरक्षा उपकरण बनाने वाली कंपनी एचडी फायर प्रोटेक्ट लिमिटेड का शेयर बुधवार को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के पहले दिन निर्गम मूल्य 271 रुपये के मुकाबले 13 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ। बीएसई में कंपनी का शेयर 334.40 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो निर्गम मूल्य से 23.39 प्रतिशत अधिक है। कारोबार के दौरान यह 24.72 प्रतिशत चढ़कर 338 रुपये प्रति शेयर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।

कारोबार समाप्त होने पर बीएसई में कंपनी का बाजार मूल्यांकन 5,383.07 करोड़ रुपये और एनएसई में 5,375.18 करोड़ रुपये रहा। एचडी फायर प्रोटेक्ट लिमिटेड के 712 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को 131.70 गुना अभिदान मिला था। कंपनी ने इसके लिए प्रति शेयर 258 से 271 रुपये का मूल्य दायरा तय किया था।

मुंबई स्थित कंपनी का आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित था, जिसके तहत प्रवर्तकों ने 2.63 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री की। एचडी फायर प्रोटेक्ट पानी, फोम और गैस आधारित अग्निशमन समाधान सहित अग्नि सुरक्षा उपकरणों और प्रणालियों का डिजाइन एवं विनिर्माण करती है। कंपनी की महाराष्ट्र में दो विनिर्माण इकाइयां हैं।

यह तेल एवं गैस, रिफाइनिंग, पेट्रोरसायन, बिजली, फार्मास्युटिकल्स, एयरोस्पेस, डेटा सेंटर और भंडार गृह जैसे क्षेत्रों को सेवाएं देती है। कंपनी ने नए संसद भवन, जामनगर स्थित देश की सबसे बड़ी रिफाइनरी और श्रीहरिकोटा स्थित अंतरिक्ष प्रक्षेपण केंद्र की परियोजनाओं सहित कई प्रमुख परियोजनाओं के लिए अग्नि सुरक्षा उपकरणों की आपूर्ति की है।

प्रमुख खबरें

Steve Smith ने South Africa के खिलाफ पूरे किए 11000 Test Cricket रन, बने 12वें बल्लेबाज

eMudhra सुरक्षा सेंध पर IT Ministry ने बनाई जांच टीम, घरेलू सेवाओं को बताया सुरक्षित

South Africa के कप्तान Temba Bavuma बोले Sachin Tendulkar की बैटिंग देखकर सीखी तकनीक

Rajasthan के Kota में विसर्जन के दौरान नाव पलटने से 4 युवकों की मौत, 18 घंटे बाद मिले शव