Hassan में रिश्वतखोरी के आरोप: HD Kumaraswamy ने उठाए सवाल, DC ने दिए जांच के आदेश

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026

हासन, आठ नवंबर केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने रविवार को हासन की उपायुक्त के. एस. लताकुमारी और जिला प्रभारी मंत्री शिवलिंगे गौड़ा पर रिश्वतखोरी में शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि अधिकारियों से फाइलें मंजूर कराने के लिए लाखों रुपये मांगे जा रहे हैं और उपायुक्त ने अपने पद पर बने रहने के लिए 70 लाख रुपये दिए हैं। लताकुमारी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए जांच के आदेश दिए हैं।

मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने भी अपने मंत्री गौड़ा का बचाव किया। कुमारस्वामी ने उपायुक्त के निजी सहायक और एक अन्य व्यक्ति के बीच व्हाट्सऐप पर हुई बातचीत के कथित अंश जारी किए। उन्होंने दावा किया कि इन बातचीत से जिला प्रशासन में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ है।

कुमारस्वामी ने कथित बातचीत का एक अंश पढ़कर सुनाया, जिसमें कहा गया है, “आपका काम दलाली करना है, है ना? आपके बताए पैसे हमें उपायुक्त को देने होते हैं। जो थोड़े पैसे बचते हैं, उन्हें मुझे अपने विभाग के सभी लोगों में बांटना पड़ता है।

चालक, सुरक्षाकर्मी, एक अन्य निजी सहायक और बाकी सभी को पैसे देने होते हैं।” केंद्रीय मंत्री कुमारस्वामी के अनुसार, यह बातचीत तीन पत्थर खदानों की फाइलों और सकलेशपुर में जमीन के उपयोग में बदलाव से जुड़े एक मामले के बारे में थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रभारी मंत्री बनने के बाद गौड़ा उपायुक्त का तबादला कराना चाहते थे, लेकिन उपायुक्त कथित तौर पर एक तहसीलदार के जरिये 70 लाख रुपये देकर स्थानांतरण से बच गईं। कुमारस्वामी ने भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने के शिवकुमार के दावों पर सवाल उठाए।

उन्होंने सवाल किया कि सरकार के साप्ताहिक प्रजा सेवा कार्यक्रम के दौरान मिलने वाली शिकायतों और आवेदनों का क्या हुआ? उन्होंने कहा कि हर शनिवार होने वाले इस कार्यक्रम पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं। उन्होंने कहा, “मैंने यह मुद्दा इसलिए उठाया है, क्योंकि मैं वास्तव में चाहता हूं कि सरकार भ्रष्टाचार से निपटने के अपने दावे को लेकर गंभीर है तो ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाए।

अगर इन गतिविधियों पर रोक लगती है तो सरकार को सम्मानित करने वालों में हम सबसे आगे होंगे।” कुमारस्वामी ने इन आरोपों की व्यापक जांच कराने की मांग की। इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए लताकुमारी ने कहा कि उन्होंने वीडियो देखा है और कथित व्हाट्सऐप बातचीत की प्रिंट की हुई प्रति भी देखी है। उन्होंने कहा कि इसकी सत्यता का पता लगाने और यह जानने के लिए जांच शुरू की जा रही है कि यह बातचीत किस मोबाइल फोन से की गई थी।

उन्होंने हासन में संवाददाताओं से कहा, “हमें पता लगाना होगा कि इसे किसने बनाया, किसके मोबाइल फोन से यह व्हाट्सऐप बातचीत की गई और यह असली है या इसमें कोई छेड़छाड़ की गई है।” लताकुमारी ने कहा, “हम व्हाट्सऐप बातचीत के स्रोत और उसकी सत्यता की जांच के लिए अब प्राथमिकी दर्ज कर रहे हैं। मैंने पुलिस अधीक्षक से भी बात की है। हम इस मामले को साइबर अपराध पुलिस को सौंप रहे हैं।

हमने यह पता लगाने के लिए रिपोर्ट मांगी है कि बातचीत किसके मोबाइल फोन से की गई थी और यह फर्जी है, इसमें बदलाव किया गया है या असली है।” उपायुक्त ने कहा कि इन आरोपों से उन्हें काफी दुख पहुंचा है। उन्होंने अपने पद पर बने रहने के लिए अवैध तरीके अपनाने के आरोप को झूठा बताया। उन्होंने कहा, “यह बहुत दुखद और पीड़ादायक है।

व्हाट्सऐप बातचीत की पीडीएफ फाइल प्रेस के सामने रखकर इसे इस तरह सार्वजनिक करने के बजाय प्राथमिकी दर्ज कराई जानी चाहिए थी। इस मामले की जानकारी मुख्य सचिव को दी जानी चाहिए थी और इसकी गंभीरता को समझना चाहिए था।” उन्होंने आरोप लगाए जाने के समय पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अधिकारी हसनांबा मंदिर के उत्सव की तैयारियों में व्यस्त हैं, जहां लाखों श्रद्धालु आते हैं।

उन्होंने कहा, “व्हाट्सऐप चैट किसने तैयार की और उसमें क्या है, ये अलग-अलग बातें हैं। लेकिन इस तरह के व्यक्तिगत आरोप लगाना और वह भी झूठे आरोप, खासकर किसी उपायुक्त और मेरे खिलाफ, बहुत पीड़ादायक है। मैं इन झूठे आरोपों की निंदा करती हूं।” लताकुमारी ने कहा कि वह इसलिए जवाब दे रही हैं क्योंकि मीडियाकर्मी लगातार फोन करके उनकी प्रतिक्रिया मांग रहे हैं।

उन्होंने कहा, “जब मैंने सुना कि क्या कहा गया है तो मैं हैरान रह गई। मुझे लगा कि क्या कोई इतने झूठे आरोप लगा सकता है। यह दावा पूरी तरह गलत है कि हमने इस पद पर बने रहने के लिए अवैध तरीके अपनाए।” उपायुक्त ने कहा कि वह इस मामले को मुख्य सचिव के संज्ञान में लाएंगी और उन्हें लिखित शिकायत भी देंगी।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कहा कि शिवलिंगे गौड़ा ने इन आरोपों पर अपनी नाराजगी जताई है। शिवकुमार ने कहा, “उनका (शिवलिंगे गौड़ा का) कहना है कि जब तक हमारे विरोधी मजबूत हैं, हम अच्छा प्रशासन दे सकेंगे। हमें अपने विरोधियों को अपना मित्र मानना चाहिए।” उन्होंने कहा, “हमें समझना चाहिए कि वे हमें कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए हमें अपना काम करते रहना चाहिए।

उपायुक्त अच्छा काम कर रही हैं। विरोधी उनके खिलाफ इसलिए शिकायत कर रहे हैं, क्योंकि वह उनकी हर बात के अनुसार काम नहीं कर सकतीं।” मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रशासन पर नजर रख रहे हैं और चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। इस मामले पर मंत्री ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

प्रमुख खबरें

Egypt के Giza में भीषण रेल हादसा, दो ट्रेनों की भिड़ंत में 7 की मौत और 100 घायल

Delhi में आतिशबाजी के बाद Air Quality गंभीर, 20 निगरानी केंद्रों पर AQI खतरनाक स्तर पर

West Bengal में Kali Puja पर उमड़ी भारी भीड़, दक्षिणेश्वर और कालीघाट में लगीं कतारें

Delhi में पाबंदियों की अनदेखी कर देर रात तक फूटे Firecrackers, AQI 376 तक पहुंचा