By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026
केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने परिसीमन पर संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण संबंधी विधेयक को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी देने के कदम का स्वागत करते हुए शनिवार को कहा कि नरेन्द्र मोदी नीत सरकार का यह निर्णय ‘‘क्रांतिकारी एवं ऐतिहासिक’’ है। मैसूरु से मंगलुरु पहुंचे कुमारस्वामी ने संवाददाताओं से बातचीत में इन विधेयकों का विरोध करने के लिए कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए अधिक राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के उपाय का विरोध उचित नहीं है।
कुमारस्वामी ने कहा कि महिलाएं पिछले तीन दशकों से राजनीतिक क्षेत्र में आरक्षण की मांग करती रही हैं, इसे देखते हुए सभी विपक्षी दलों को इस विधेयक को अपना समर्थन देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस विधेयक को संसद में पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत आवश्यक है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से मतभेदों से ऊपर उठकर इसका सर्वसम्मति से समर्थन करने की अपील की।
उन्होंने परिसीमन से दक्षिणी राज्यों के बुरी तरह प्रभावित होने की चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि इस तर्क में कोई दम नहीं है कि इस कवायद से दक्षिणी क्षेत्र के साथ अन्याय होगा।