Prabhasakshi Exclusive: Israel Defense Forces ने Gaza में जोरदार हमला कर Hamas Air Chief Murad Abu Murad को उड़ाया

By नीरज कुमार दुबे | Oct 14, 2023

इजराइली रक्षा बलों का हमास और हिज्बुल्ला आतंकियों के खिलाफ प्रहार जारी है। एक ओर जहां इजराइली बलों ने गाजा पट्टी में रात भर हुए हवाई हमलों के दौरान हमास आतंकवादी समूह के एक वरिष्ठ सदस्य को मार गिराया वहीं लेबनान के रास्ते इजराइल में घुसपैठ कर रहे आतंकवादियों को भी गोलियों से उड़ा दिया गया है। इस संबंध में इजराइली रक्षा बलों ने बयान जारी करके बताया है कि इजरायली सैनिकों ने उत्तरी शहर मार्गालियट के पास लेबनान से इजरायल में घुसपैठ करने का प्रयास कर रहे तीन-चार आतंकवादियों को मार गिराया है। इज़राइली रक्षा बलों ने कहा है कि सीमा पार करने का प्रयास करते हुए पहचाने जाने के बाद उसने आतंकवादियों के खिलाफ ड्रोन हमला किया। इस बीच, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने टेलीविजन पर प्रसारित एक बयान में कहा, "हम अपने दुश्मनों पर अभूतपूर्व ताकत से हमला कर रहे हैं।" उन्होंने एक बार फिर कहा कि यह केवल शुरुआत है।" 

इसे भी पढ़ें: Vishwakhabram: Hamas का समर्थन करने से पहले जानें नरसंहारक आतंकवादी संगठन हमास की स्थापना कैसे हुई और इसकी विचारधारा क्या है?

गाजा का ताजा हाल

इस बीच, इजराइल की ओर से दी गयी चेतावनी का असर गाजा में देखा जा रहा है। इजरायली सेना ने शनिवार को कहा कि उसने गाजा शहर के निवासियों को इलाका खाली करने का जो निर्देश दिया था उसका असर दिखने लगा है। इजरायली सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल जोनाथन कॉनरिकस ने एक वीडियो ब्रीफिंग में कहा, "हमने दक्षिण की ओर फिलिस्तीनी नागरिकों की एक महत्वपूर्ण आवाजाही देखी है।" उन्होंने कहा कि लोग इलाका खाली कर रहे हैं जोकि अच्छी बात है। हम आपको यह भी बता दें कि इजराइल ने जहां गाजा के लोगों को उत्तरी इलाका खाली करने का निर्देश दिया था वहीं हमास ने लोगों से अपील की है कि वह वहां बने रहें लेकिन जिस तरह इजराइल ने गाजा पट्टी के आसपास अपने रिजर्व सैनिकों को तैनात किया है और अगले चरण की युद्ध की तैयारी जोरशोर से चल रही है उससे गाजा के निवासियों में अपने जीवन पर बड़ा खतरा मंडराता साफ दिख रहा है। गाजा के लोगों को यह स्पष्ट हो चुका है कि इस बार इजराइली सुरक्षा बल हमास को पूरी तरह खत्म करके ही मानेंगे इसलिए वह इलाका छोड़कर भागने को ही तरजीह दे रहे हैं ताकि हमास को निशाना बनाकर फेंके जाने वाले बम उन्हें और नुकसान नहीं पहुँचायें। हालांकि इस प्रकार की भी रिपोर्टें हैं कि गाजा में स्थानीय मस्जिदों से अपील की जा रही है कि लोग अपने घरों को छोड़ कर नहीं जाएं। मस्जिदों से कहा जा रहा है कि घर छोड़कर जाने से बेहतर मौत है। मस्जिदों से संदेश प्रसारित किया जा रहा है कि अपने घरों में जमे रहो और अपनी जमीन पर डटे रहो।

बाइडन का बयान

इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि फलस्तीनी आतंकवादी समूह हमास आतंकवादी संगठन अलकायदा से भी बदतर है। बाइडन ने फिलाडेल्फिया में ‘हाइड्रोजन हब्स’ में अपने संबोधन में कहा, ‘‘हमें जितना अधिक इस हमले के बारे में पता चलता है वह उतना और अधिक भयावह प्रतीत होता है। एक हजार से अधिक निर्दोष लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें 27 अमेरिकी भी शामिल हैं।’’ उन्होंने कहा, ''इनके मुकाबले तो अल कायदा भी कुछ ठीक लगता है। ये शैतान हैं। जैसा मैं शुरुआत से कहता आ रहा हूं कि अमेरिका इसे लेकर गलती नहीं कर रहा, वह इजराइल के साथ है।’’ राष्ट्रपति ने कहा, ''विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन इजराइल में थे और आज रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन वहां हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि इजराइल को अपनी रक्षा के लिए जो कुछ भी चाहिए वह उसके पास हो और वह हमलों का जवाब दे। मेरी प्राथमिकता यह भी है कि गाजा में मानवीय संकट से निपटा जाए।’’ बाइडन ने कहा कि उनके निर्देश पर उनकी टीम इस क्षेत्र में काम कर रही हैं और इजराइल की मदद के लिए मिस्र, जॉर्डन और अन्य अरब देशों की सरकारों और संयुक्त राष्ट्र के साथ सीधे संवाद कर रही हैं।

उन्होंने कहा, ''हम इस बात की अनदेखी नहीं कर सकते कि फलस्तीन की अच्छी खासी आबादी का हमास से और उसके हमलों से कोई लेना नहीं है। आज मैंने उन सभी अमेरिकी परिवारों से जूम कॉल पर एक घंटे से अधिक समय तक बात की जिनके परिवार के सदस्य लापता हैं।’’ बाइडन ने कहा, ‘‘वे पीड़ा से गुजर रहे हैं, उन्हें नहीं पता कि उनके बेटे, बेटी, पति, पत्नी और बच्चे किस हाल में हैं। आप समझ रहे हैं- यह परेशान करने वाला है। मैंने उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है...। कार्यक्रम में बाइडन ने कहा, ‘‘हम हमास द्वारा पकड़े गए अमेरिकियों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए इजराइल और क्षेत्र में अपने सहयोगियों के साथ चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं और हम तब तक रुकने वाले नहीं हैं जब तक हम उन्हें घर नहीं ले आते।’’

प्रमुख खबरें

Tech कंपनी में बड़ा फेरबदल: Layoffs के बाद Hillary Maxson बनीं नई CFO, AI पर होगा बड़ा निवेश

Aviation Sector से MSME तक को मिलेगी Oxygen, सरकार ला रही नई Loan Guarantee Scheme

Air India के Top Level पर बड़ा फेरबदल, CEO Campbell Wilson का इस्तीफा, नए बॉस की तलाश तेज

Candidates Tournament: Tan Zhongyi की एक गलती पड़ी भारी, Vaishali ने मौके को जीत में बदला