By अंकित सिंह | Jun 19, 2024
पिछले 72 घंटों में दिल्ली में पांच लोगों की मौत हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी सहित पूरा एनसीआर भीषण गर्मी की चपेट में है। तीन अस्पतालों में हीटस्ट्रोक से पीड़ितों की मौत हो गई। 12 या 13 मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। आरएमएल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शुक्ला के अनुसार, मंगलवार को हीट स्ट्रोक के कारण 11 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि नोएडा में भी पिछले 24 घंटों में संदिग्ध लू से 14 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। नोएडा के जिला अस्पताल की डॉक्टर रेनू अग्रवाल ने कहा, हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा।
संपूर्ण उत्तर और उत्तर पश्चिम भारत लू की चपेट में है, दिल्ली को तिहरी मार का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि शहर पानी और बिजली की गंभीर कमी से जूझ रहा है। दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने एक दो दिनों के भीतर जल संकट का समाधान नहीं होने पर 21 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की धमकी दी है। एलएनजेपी अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. सुरेश कुमार के अनुसार, लू से प्रभावित ज्यादातर लोग मजदूर या रिक्शा चालक थे और उनमें से ज्यादातर 60 वर्ष से अधिक उम्र के थे।