गर्मी का प्रकोप जारी, राजधानी दिल्ली में पारा 43 के पार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 19, 2017

राजस्थान के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई जबकि देश के कई स्थानों पर गर्मी का प्रकोप जारी रहा। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार जाने से पिछले सात वर्षों में अप्रैल में मंगलवार सबसे गर्म दिन रहा। सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। सफदरजंग वेधशाला द्वारा दर्ज किए गए तापमान को दिल्ली के लिए आधिकारिक आंकड़ा माना जाता है।

 

मौसम विभाग ने कहा कि पालम, लोधी रोड, रिज और आयानगर में अधिकतम तापमान क्रमश: 43.7, 41.8, 43.4 और 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिम राजस्थान में कई जगहों पर अधिकतम तापमान के एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कने के कारण झुलसाने वाली गर्मी से हल्की राहत मिली। मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ आज राज्य में पहुंचेगा लिहाजा हवा का रूप बदलने से अधिकतम तापमान में गिरावट होगी।

 

ओडिशा में गर्मी का प्रकोप जारी रहा और खासतौर से पश्चिमी क्षेत्र में अधिक गर्मी रही जहां बलांगिर 44.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। हरियाणा और पंजाब भी लू की चपेट में रहे। दोनों राज्यों में नारनौल सबसे गर्म रहा और वहां 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के कई स्थानों पर आज दिन का तापमान अधिक रहा। हालांकि स्थानीय मौसम विभाग ने निचले पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि और तूफान की चेतावनी दी है। बिहार में मौसम गर्म रहा। गया में सबसे अधिक 39.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

प्रमुख खबरें

DC vs RR IPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को हराया, पोरेल और फ्रेजर-मैकगर्क की अर्धशतकीय पारी

पुलवामा हमले के वक्त Modi फिल्म की शूटिंग करने में व्यस्त थे : Farooq Abdullah

South China Sea में परिचालन संबंधी तैनाती के लिए भारतीय नौसेना के तीन पोत Singapore पहुंचे

China के राष्ट्रपति ने वरिष्ठ राजनयिक Xu Feihong को भारत में अपना नया राजदूत नियुक्त किया