ओपी रावत ने कहा- चुनाव प्रचार में कोविड-19 संबंधी दिशा-निर्देश टूटने पर लगाया जाएगा भारी जुर्माना

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 20, 2020

इंदौर (मध्य प्रदेश)। देश में कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत ने रविवार को सुझाया कि आगामी चुनावों के प्रचार के दौरान महामारी से बचाव के दिशा-निर्देश तोड़े जाने पर प्रशासन को आयोजकों पर भारी जुर्माना लगाना चाहिए ताकि चुनावी प्रक्रिया अनुशासित तरीके से पूरी हो सके। पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ने यह बात ऐसे वक्त कही, जब राज्य के 28 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा से पहले ही सत्तारूढ़ भाजपा और प्रमुख विपक्षी कांग्रेस के आला नेताओं ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इन नेताओं के भीड़ भरे कार्यक्रमों में कोरोना वायरस से बचाव के दिशा-निर्देशों के कथित उल्लंघन की तस्वीरें लगातार सामने आ रही हैं। रावत ने कहा, केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने कोरोना वायरस संक्रमण काल के दौरान आगामी आम चुनावों और उपचुनावों के आयोजन को लेकर काफी पहले ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

इसे भी पढ़ें: कृषि विधेयक को पेश करने से पहले बीजद ने अपने राज्यसभा सदस्यों को जारी किया व्हिप

कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते खतरे के बीच देश में चुनावी आयोजनों को लेकर जारी बहस पर रावत ने कहा, कोरोना वायरस संकट के दौरान गुजरे महीनों में दक्षिण कोरिया और पोलैंड के साथ ही भारत के पड़ोसी देश श्रीलंका में भी चुनाव कराए गए हैं। भारत का निर्वाचन आयोग भी इस दौर में महामारी से बचाव के उपाय सुनिश्चित करते हुए चुनाव कराने में पूरी तरह सक्षम है। गौरतलब है कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने कोरोना वायरस संक्रमण काल में आम चुनावों और उपचुनावों को लेकर अगस्त में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए थे। इनमें यह भी कहा गया था कि संबंधित राजनीतिक दल और उम्मीदवार सुनिश्चित करेंगे कि चुनाव प्रचार से जुड़े हरेक जमावड़े में मास्क, सैनिटाइजर, थर्मल स्कैनिंग आदि साधनों का उपयोग किया जाए। निर्वाचन आयोग ने कहा था कि दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 188 (किसी सरकारी अधिकारी का आदेश नहीं मानना) के साथ ही आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 और अन्य संबद्ध प्रावधानों के तहत कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

प्रमुख खबरें

Yashasvi Jaiswal ने दिया आलोचकों को जवाब, Asitha Fernando से हुई थी तीखी बहस

मुस्लिम NATO में ईरान की एंट्री, खुलासे से इजरायल के उड़े होश, अब क्या करेंगे ट्रंप?

Yogi Adityanath ने Rahul Gandhi पर साधा निशाना, रायबरेली में उठाए सवाल

NZ Social Media Ban: 16 साल से कम उम्र के बच्चों पर पाबंदी का प्रस्ताव, Tech Companies पर लगेगा भारी Penalty