By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 14, 2026
जापान के तोक्यो के पूर्वी इलाकों में रातभर हुई भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति लापता है। बाढ़ के कारण सड़कों और कई घरों में पानी भर गया, बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और हजारों लोग प्रभावित इलाकों में फंस गए। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने शुक्रवार सुबह बारिश की तीव्रता कम होने के बाद चिबा प्रांत के 12 से अधिक नगर निकायों के लिए जारी भारी बारिश की सबसे गंभीर चेतावनी का स्तर घटा दिया।
‘ग्राउंड सेल्फ-डिफेंस फोर्स’ ने बताया कि उसने सोगा रेलवे स्टेशन पर फंसे करीब 4,000 लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बसें भेजी हैं। यह स्टेशन स्थानीय रेल मार्ग पर स्थित है, जो तोक्यो डिज्नी क्षेत्र से भी जुड़ा है। थीम पार्क को किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
तोक्यो क्षेत्र के नरीता हवाई अड्डे पर भी हजारों यात्री फंसे रहे, क्योंकि क्षेत्र से बाहर जाने वाली रेल सेवाएं रोक दी गई थीं। सैकड़ों लोगों ने रातभर चिबा प्रांतीय सरकार के भवन में शरण ली। प्रांतीय अधिकारियों ने बताया कि चार लोगों की मौत हुई है और एक व्यक्ति लापता है।
मौतें इचिकावा, साकुरा और कशिवा शहरों में हुई हैं। चिबा के अधिकारियों के अनुसार, प्रांत में 80 से अधिक घरों में पानी भर गया है और करीब 2.30 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। ‘टेपको पावर ग्रिड’ के अनुसार, मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण शुक्रवार सुबह करीब 23,000 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
चिबा शहर में केवल एक घंटे में 11.5 सेंटीमीटर, जबकि साकुरा में 9.7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। दोनों स्थानों पर एक घंटे में हुई बारिश का यह अब तक का रिकॉर्ड है।